मध्य प्रदेशराज्य

पुलिस विभाग के 18 हजार खाली पदों में से साढ़े बारह हजार पद भरने की तैयारी

भोपाल : चुनावी साल में सरकार पुलिस में पिछले कई सालों की सबसे बड़ी भर्ती करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय में प्रस्ताव लगभग तैयार हो चुका है। हालांकि यह प्रस्ताव अभी योजना शाखा में हैं। इसके बाद इसके बाद इसे गृह और वित्त विभाग को भेजा जाएगा। चुनावी साल होने से यह उम्मीद है कि इस प्रस्ताव पर कोई भी विभाग अड़चन नहीं लगाएगा। प्रदेश में पुलिस के लगभग 18 हजार पद रिक्त हैं। इस भर्ती के बाद पुलिस में रिक्त पदों की संख्या तेजी से कम हो जाएगी।

सूत्रों की मानी जाए तो पुलिस मुख्यालय ने पुलिस में नई भर्ती के लिए 12 हजार 454 पदों का एक प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव पर पिछले दो महीनों से काम चल रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि इस प्रस्ताव को गति देने से पहले ही पुलिस मुख्यालय के आला अफसरों ने गृह और वित्त विभाग के आला अफसरों से चर्चा कर ली है, ताकि इस प्रस्ताव में कोई वित्त विभाग की कोई अड़चन न आए। इस प्रस्ताव को आने वाले दो से तीन महीने के भीतर मंजूरी मिलने की संभावना है।

पिछले दो साल प्रदेश पुलिस में भर्ती के जरिए 25 हजार से ज्यादा पद भरे जाएंगे। वर्ष 2021 में हुई 6000 आरक्षकों की भर्ती का परिणाम पिछले साल जारी होने के बाद, वर्ष 2022 के अंत में सात हजार पुलिस आरक्षकों की भर्ती शुरू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके बाद अब इस साल यह भर्ती भी होंगी। ऐसा माना जा रहा है कि विधानसभा की आचार संहिता लगने से पहले ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाए, इसलिए इस प्रस्ताव पर तेजी से काम चल रहा है। जिसे जून तक पूरा कर जुलाई में भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा सके। इस भर्ती के साथ ही पुलिस में आरक्षक स्तर पर खाली पदों की संख्या भी तेजी से सिमट जाएगी।

इस भर्ती में महिलाओं के लिए भी लगभग चार हजार पद मिलेंगे। प्रदेश में महिलाओं को आरक्षक भर्ती में 33 प्रतिशत का आरक्षण दिया जा रहा है। इस भर्ती में यदि महिलाएं फीट पाई गई तो इतनी बड़ी संख्या में पुलिस महकमे में पहली बार महिलाओं की भर्ती होगी।

पुलिस महकमे में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के 367 पद और निरीक्षकों के 278 पद खाली है। महकमे में अप्रैल 2021 से अब तक 199 उप निरीक्षकों को कार्यवाहक निरीक्षक के पद पर नियुक्त किया है। जबकि 273 निरीक्षकों को कार्यवाहक डीएसपी का प्रभार दिया गया। वर्ष 2021 की डीपीसी के समयावधि में निरीक्षकों के रिक्त पदों की संख्या 770 थी। इसके साथ ही 25 फीसदी अप्रत्याशित रिक्तियां मिलाकर यह संख्या 968 हो गई थी। कार्यवाहक निरीक्षकों के पद पर 199 को प्रभार देने के बाद वर्ष 2023 के अंत तक निरीक्षकों के रिक्त पद की संख्या 375, अप्रत्याशित रिक्तियां 25 प्रतिशत यानि 94 हैं। अप्रैल 2021 से अब तक 237 कार्यवाहक डीएसपी बनाए गए हैं। इस सवाल के उत्तर में यह भी बताया गया कि प्रदेश में डीएसपी और एएसपी के 1 हजार 269 पद स्वीकृत हैं।

Related Articles

Back to top button