उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगलखनऊ

चौधरी चरण एयरपोर्ट पर विमानों के संचालन की तैयारियां जोरों पर

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर लॉकडाउन खत्म होने के बाद सीमित संख्या में विमान उड़ानों के संचालन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। फिलहाल 03 मई के बाद लॉकडाउन खुलेगा या बढ़ेगा, इस पर अभी निर्णय होना है। लखनऊ एयरपोर्ट के घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल पर लॉकडाउन में बिल्डिंगों की साफ सफाई और विसंक्रमण का कार्य शुरू हो गया है। उड़ानों के रनवे का रखरखाव कार्य भी लगातार किया जा रहा है। इस​की एक वजह ये भी है कि लॉकडाउन में आवश्यक सेवाओं से जुड़े विमानों, चॉपर और कार्गो का परिचालन बराबर हो रहा है। लॉकडाउन में सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक रनवे सामान्य रूप से खुल रहा है। कंट्रोल टावर के एवं एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी बराबर ड्यूटी पर अब आ रहे हैं।

लखनऊ के ऊपर से गुजरने वाली आवश्यक उड़ान सेवाओं को दिशा निर्देश भी यहीं से मिल रहे हैं। लखनऊ सहित पूरे देश में 03 मई तक लॉकडाउन है। इसलिए सभी प्रकार के सार्वजनिक परिवहन के साधन बन्द हैं। ऐसे में सरकार 03 मई के बाद पहले की तरह सामान्य विमान सेवाएं शुरू करने की अनुमति देगी, इसमें अभी सन्देह है। केन्द्र सरकार 03 मई के बाद लॉकडाउन खोलेगी या बढ़ायेगी, इस पर भी अभी निर्णय होना है। फिलहाल लॉकडाउन खत्म होने के बाद कुछ शर्तों के साथ सीमित संख्या में उड़ानों के संचालन की तैयारियां लखनऊ एयरपोर्ट पर जोर शोर से शुरू हो गई हैं। इसलिए अब ये कयास लगाया जा रहा है कि सरकार घरेलू स्तर पर कुछ चुनिन्दा उड़ानों को लॉकडाउन के बाद छूट दे सकती है।

वहीं सामान्य रूप से पहले की तरह विमानों के संचालन में अभी और देरी हो सकती है। क्योंकि कोरोना का फैलाव सबसे अधिक परिवहन से ही हुआ है। लखनऊ एयरपोर्ट के निर्देशक ए.के. शर्मा ने बुधवार को बताया कि लॉकडाउन के खत्म होने के बाद विमानों के सामान्य परिचालन को लेकर अभी तक मुख्यालय से कोई निर्देश नहीं मिला है। फिलहाल लखनऊ एयरपोर्ट पूरी तरह से तैयार है। यदि विमानों के परिचालन का निर्देश मिलता है। तो तय समय पर उड़ान सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।

Related Articles

Back to top button