उत्तराखंड

कैंचीधाम जाम से निजात की तैयारी तेज, मुख्य सचिव का सख्त निर्देश—जून से पहले चालू हो भवाली-रातिघाट बाईपास

नैनीताल जनपद के दौरे पर पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कैंचीधाम क्षेत्र में जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर अहम परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भवाली बाईपास, भवाली-रातिघाट बाईपास, कैंचीधाम मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों और नैनीताल मालरोड पर भू-धंसाव रोकने के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

पर्यटन सीजन से पहले यातायात सुचारू करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि भवाली-रातिघाट बाईपास का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर जून माह से पहले इस मार्ग पर यातायात सुचारू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि स्थायी मोटर पुल बनने तक अस्थायी व्यवस्था के तहत वैकल्पिक पुल स्थापित कर इस पर्यटन सीजन में वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की जाए।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं पर जोर

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में सुगम यातायात और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा सीजन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।

बाईपास निर्माण से जाम से मिलेगी राहत

मुख्य सचिव ने कहा कि बाबा नीम करौरी के दर्शन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में इस बाईपास के निर्माण से न केवल कैंचीधाम क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी, बल्कि पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।

परियोजना की प्रगति—आधे से ज्यादा काम पूरा

लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी.एस. बृजवाल ने बताया कि भवाली सेनीटोरियम से रातीघाट तक कुल 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास में से 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है और इस हिस्से में यातायात शुरू भी हो गया है। शेष 10.15 किलोमीटर में पहाड़ कटिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है और अब सुरक्षा दीवारों एवं अन्य सुरक्षात्मक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस बाईपास को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल भी बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है।

भवाली बाईपास और पुल से बाजार जाम में मिलेगी राहत

मुख्य सचिव ने सैनिटोरियम से भवाली-अल्मोड़ा मार्ग तक बने भवाली बाईपास और शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। यह मार्ग अब यातायात के लिए खोल दिया गया है, जिससे भवाली बाजार में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

कैंचीधाम में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार

मुख्य सचिव ने कैंचीधाम मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। यहां बहुमंजिला पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे और पैदल सेतु सहित विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसके अलावा स्वदेश दर्शन योजना के तहत बनाए जा रहे फैसिलिटेशन सेंटर का भी जायजा लिया गया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए और वाहनों के प्रवेश व निकासी के लिए अलग-अलग गेट सुनिश्चित किए जाएं।

मालरोड पर भू-धंसाव रोकने के कार्यों की समीक्षा

मुख्य सचिव ने नैनीताल की लोअर मालरोड पर वर्ष 2018 में हुई क्षति के बाद चल रहे मरम्मत और भू-धंसाव रोकथाम कार्यों का भी निरीक्षण किया। करीब 3 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से किए जा रहे इन कार्यों को तय समय में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सिंचाई विभाग को भी अपने हिस्से के कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।

इस दौरान मुख्य सचिव ने कैंचीधाम पहुंचकर बाबा नीम करौरी के दर्शन भी किए और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। निरीक्षण के दौरान आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button