पाकिस्तान में हमलों से बौखलाए राष्ट्रपति जरदारी, भारत पर निकाली भड़ास

नई दिल्ली : पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में हो रहे हमलों को रोकने में शहबाज शरीफ सरकार पूरी तरह से नाकामयाब साबित हुई है और अपनी इस नाकामयाबी का ठीकरा उसने भारत पर फोड़ना शुरू कर दिया है. पहले पाकिस्तानी सेना और अब पाक राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भारत के खिलाफ जहर उगला और भारत पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है. खुद आतंकियों को पनाह देने वाले पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने भारत को विश्व शांति के लिए खतरा बताया है.
पाकिस्तानी चैनल समा टीवी की रिपोर्ट के अनुसार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान का जो इतिहास रहा है, उसकी गवाह पूरी दुनिया है, फिर भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है और जब वह अपनी नाकामियों को छिपा नहीं पाता तो उसका ठीकरा भारत पर फोड़ना शुरू कर देता है. इस बार भी पाकिस्तानी यही करते नजर आ रहे हैं. पहले बलूचिस्तान में बलोच लिबरेशन आर्मी के ताबड़ तोड़ हमले और बीते शुक्रवार को इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में हुए फिदायीन हमले से पाकिस्तान की सरकार बुरी तरह से बौखलाई हुई है.



