उत्तराखंडराजनीति

हरीश ना हरक का डंका, हरिद्वार से लड़ेंगी प्रियंका!

देहरादून (गौरव ममगाईं)। आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड की सबसे हॉट सीट हरिद्वार इस बार फिर चर्चाओं में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से चिंतित उत्तराखंड कांग्रेस ने अब हाईकमान से प्रियंका गांधी को चुनावी मैदान में उतारने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि प्रियंका गांधी की मौजूदगी से पार्टी प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।

दरअसल, बीते दिनों राम मंदिर का भव्य समारोह और सीएम धामी की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस खासा टेंशन में है। जल्द यहां पीएम मोदी के दौरे भी शुरू हो जाएंगे, जिसके बाद यहां भाजपा के पक्ष में माहौल का ग्राफ तेजी से बढ़ने के आसार हैं। जबकि, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी उत्तराखंड को शामिल नहीं किया गया। ऐसे में उत्तराखंड कांग्रेस को पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनाव के बुरे नतीजे दोहराने का डर सता रहा है। इसलिए पार्टी का एक वर्ग चाहता है कि यदि प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तराखंड में किसी एक सीट से चुनाव लड़ाया जाए तो इससे प्रदेश की पांचों सीटों पर कांग्रेस को बड़ा लाभ मिल सकता है। कई नेताओं ने हरिद्वार सीट का सुझाव भी दिया है, क्योंकि यह सीट उत्तर प्रदेश से लगने के कारण वहां भी प्रभाव डालेगी।

प्रियंका के आने से कई दिग्गजों को लगेगा झटका

वैसे प्रियंका गांधी के हरिद्वार से चुनाव लड़ने की संभावनाओं से उत्तराखंड कांग्रेस के दो बड़े दिग्गजों के अरमानों पर पानी फिर सकता है। ये नाम हैं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत। ये दोनों ही दिग्गज करीब पिछले एक साल से हरिद्वार संसदीय क्षेत्र में खासे सक्रिय नजर आते रहे हैं। दोनों ही नेता मीडिया में भी कई बार हरिद्वार सीट से दावेदारी पेश कर चुके हैं। हालांकि, अभी पार्टी हाईकमान ने इस मांग पर कोई फैसला या भरोसा नहीं दिया है। पार्टी क्या फैसला लेगी, यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button