उत्तराखंड

देहरादून में बाबा नीब करौरी महाराज पर बनी फिल्म का प्रोमो लॉन्च, सीएम धामी बोले—भक्ति और मानवता का संदेश पहुंचाएगी फिल्म

देहरादून में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताया।

सीएम धामी ने बताया प्रेरणादायक प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।

सरलता और सेवा के संदेश को बताया प्रासंगिक

सीएम धामी ने कहा कि बाबा की शिक्षाएं सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो आज के समय में बेहद प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भारतीय संस्कृति के संरक्षण में अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित इस प्रकार की फिल्में भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण और प्रसार में अहम योगदान देती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में मददगार साबित होगी।

कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

इस मौके पर योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर सहित अन्य कलाकार भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक और निर्माता दल को इस आध्यात्मिक पहल के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button