उत्तर प्रदेशग़ाज़ियाबादराज्य

PSI India 100 क्षय रोगियों को प्रदान की पोषण पोटली

देश को क्षय रोग मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी : डीटीओ

गाजियाबाद : विश्व क्षय रोग दिवस पर मंगलवार को क्षय रोगियों के बेहतर पोषण एवं शीघ्र स्वास्थ्य सुधार के लिए एक सराहनीय पहल के अंतर्गत पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) के सहयोग से जनपद के संयुक्त चिकित्सालय, संजय नगर में क्षय रोगियों को पोषण पोटली प्रदान की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.अनिल कुमार यादव ने किया और उन्होंने इस मौके पर करीब 100 क्षय रोगियों को पोषण पोटली उपलब्ध कराये जाने की सराहना करते हुए कहा कहा कि देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बहुत जरूरी है। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं प्रतिभागियों ने भी क्षय रोग उन्मूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

पी.एस.आई. इंडिया के विवेक द्विवेदी ने कहा कि भारत जैसे महान राष्ट्र के लिए क्षय रोग जैसी बीमारी पर विजय प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के “टीबी मुक्त भारत” के लक्ष्य को साकार करने हेतु उनकी संस्था पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। पी. एस. आई. इंडिया संस्था के जनरल मैनेजर प्रोग्राम नवीन कुमार बंसल ने कहा कि उनकी संस्था क्षय रोग के विरुद्ध चल रहे इस महाअभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है, पोषण सहायता से क्षय रोगियों के स्वास्थ्य में जल्द और अधिक सुधार होने की संभावना बढ़ जाती है।

कार्यक्रम के अंत में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.अनिल कुमार यादव ने पी. एस. आई. इंडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर जिला क्षय रोग विभाग की तरफ से डीपीसी राघवेंद्र सिंह चौहान, पीपीएम दीपाली गुप्ता, डीआर टीबी कोआर्डिनेटर निधि त्रिखा एवं पी. एस. आई. इंडिया टीम से राधा शर्मा ,पवन कुमार, उमेश कुमार, शिवम मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button