
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने परिवहन नेटवर्क के विस्तार का ऐलान करते हुए बताया कि आने वाले समय में 1200 से अधिक नई बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा।
किलोमीटर स्कीम के तहत जुड़ीं 250 बसें
मंत्री ने बताया कि हाल ही में किलोमीटर स्कीम के तहत 250 बसें पहले ही शामिल की जा चुकी हैं। इस योजना का उद्देश्य राज्य के भीतर रोजगार के अवसर बढ़ाना भी है। इसके तहत निजी बस मालिकों को अपने वाहनों को तैयार कराने की अनुमति दी गई, बशर्ते वे सरकारी मानकों और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
पीआरटीसी के लिए बसों की खरीद प्रक्रिया जारी
परिवहन विभाग पीआरटीसी के लिए 659 बसों के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है। इसके तहत 100 मिनी बसों और 309 मानक बसों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। यह कदम क्षेत्रीय परिवहन ढांचे के आधुनिकीकरण की दिशा में अहम माना जा रहा है।
पनबस बेड़े में 606 बसें होंगी शामिल
पनबस के लिए 606 बसों की विस्तृत योजना तैयार की गई है। इनमें से 387 बसों को सीधे सामान्य बेड़े में शामिल किया जाएगा, ताकि विभिन्न रूटों पर बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके। बाकी बसें किलोमीटर स्कीम के तहत जोड़ी जाएंगी, जिससे संचालन क्षमता और रूट कवरेज में सुधार होगा।
वोल्वो और एचवीएसी बसों से मिलेगा आरामदायक सफर
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस चरण में 19 वोल्वो बसें और 100 एचवीएसी बसें भी शामिल की जाएंगी। इसके अलावा किलोमीटर स्कीम के तहत 100 सामान्य बसें जोड़ने से कुल नई पनबस बसों की संख्या 606 तक पहुंच जाएगी।
रूट कनेक्टिविटी और सुविधा दोनों में होगा सुधार
सरकार का कहना है कि इन नई बसों के शामिल होने से राज्य में रूटों की समस्या काफी हद तक दूर होगी और यात्रियों को समयबद्ध व आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।



