अन्तर्राष्ट्रीय

फिलीस्तीनियों पर गिरी गाजः इजराइल ने वेस्ट बैंक को लेकर उठाया बड़ा कदम, अब्बास ने फैसले को बताया “खतरनाक”

International Desk: इजराइल की सुरक्षा कैबिनेट ने वेस्ट बैंक पर अपने नियंत्रण को और मजबूत करने के लिए एक नया निर्णय लिया है। इस फैसले का लक्ष्य वेस्ट बैंक में यहूदी बस्तियों की स्थिति को और मजबूत करना और फिलीस्तीनी प्राधिकरण की पहले से सीमित शक्तियों को और कमजोर करना बताया जा रहा है।दक्षिणपंथी वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच के कार्यालय ने बयान जारी किया कि इस निर्णय से यहूदी बस्तियों के लिए फिलीस्तीनियों को जमीन छोड़ने के लिए मजबूर करना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा, “हम फलस्तीनी राष्ट्र के विचार को खत्म करना जारी रखेंगे।”

निगरानी समूह ‘पीस नाउ’ के शोधकर्ता योनातन मिज़राची ने बताया कि इस फैसले को लागू करने के लिए वेस्ट बैंक के लिए इजराइल के शीर्ष कमांडर की मंजूरी की जरूरत होगी। फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने इस फैसले को “खतरनाक” करार दिया और कहा कि यह इजराइल का बस्ती विस्तार और भूमि अधिग्रहण को वैध बनाने का खुला प्रयास है। उन्होंने अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की।

जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने भी इस फैसले की निंदा की और कहा कि यह “अवैध इजराइली संप्रभुता थोपने” और बस्तियों को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया निर्णय है। फैसलों में वेस्ट बैंक की भूमि की बिक्री पर यहूदियों पर लगे प्रतिबंध हटाना, भूमि अधिग्रहण को आसान बनाने के लिए वेस्ट बैंक भूमि रजिस्ट्री अभिलेखों को सार्वजनिक करना, हेब्रोन में धार्मिक और संवेदनशील स्थलों पर निर्माण योजनाओं का नियंत्रण इजराइली अधिकारियों को सौंपना और फलस्तीनी-प्रशासित क्षेत्रों में पर्यावरण और पुरातात्विक मामलों में इजराइली प्रवर्तन की अनुमति देना शामिल है।

Related Articles

Back to top button