पंजाब

Punjab Accident: मुक्तसर-मलोट हाईवे पर भीषण टक्कर, निजी बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और ऑटो को मारी टक्कर; ड्राइवर की लोगों ने की धुनाई

श्री मुक्तसर साहिब। पंजाब के मुक्तसर-मलोट हाईवे पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव रुपाणा में राजस्थानी पंप के पास एक निजी बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो और ट्रैक्टर चालक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑटो चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गिद्दड़बाहा से आ रही निजी कंपनी की बस सुबह करीब 8 बजे गांव रुपाणा पहुंची। ओवरटेक करने के दौरान बस ने आगे सीमेंट की बोरियां लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली (PB45A7235) को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर आगे लकड़ी ले जा रहे ऑटो (PB11C4599) से जा भिड़ी। ऑटो सड़क के बीचों-बीच पलट गया, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खेतों में जा गिरी।

घायलों की पहचान, ऑटो चालक की हालत गंभीर

हादसे में ऑटो चालक सुरजीत सिंह पुत्र भाग सिंह निवासी औलख और ट्रैक्टर चालक गुरविंदर सिंह पुत्र सुलक्खन सिंह निवासी जोगेवाल घायल हुए हैं। दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे यह हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि बस में 60 से 65 यात्री सवार थे, जो बाल-बाल बच गए। ऑटो और ट्रैक्टर-ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है।

लोगों ने ड्राइवर को पकड़ा, पुलिस के हवाले किया

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस चालक को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। बाद में पुलिस के पहुंचने पर उसे छुड़ाकर रुपाणा पुलिस चौकी ले जाया गया।

सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने बताया कि ऑटो चालक की हालत गंभीर थी, जिसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।

एक सप्ताह में तीसरा बड़ा हादसा

गौरतलब है कि इसी रोड पर एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी दुर्घटना है। इससे पहले राधा स्वामी डेरे के पास तीन वाहनों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वहीं दो दिन पहले कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत में दो लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों के पीछे तेज रफ्तार को मुख्य वजह माना जा रहा है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button