Punjab Weather Update: पटियाला-पठानकोट में बारिश के बाद बदलेगा मौसम, 16 अप्रैल से तेज हवाओं संग वर्षा के आसार

लुधियाना। पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। रविवार को जहां ज्यादातर जिलों में दिनभर तेज धूप और गर्मी का असर रहा, वहीं पटियाला और पठानकोट में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पटियाला में 4.2 मिमी और पठानकोट में 5.5 मिमी वर्षा हुई, जबकि बाकी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई।
अधिकांश जिलों में 30 से 33 डिग्री के बीच रहा तापमान
राज्य के अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पटियाला और बठिंडा सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। इसके अलावा फाजिलका में 32.7 डिग्री, फरीदकोट में 32.5 डिग्री, फिरोजपुर में 31.8 डिग्री, चंडीगढ़ में 31.9 डिग्री, लुधियाना में 31.6 डिग्री, एसबीएस नगर में 31.2 डिग्री, मोहाली में 31.6 डिग्री और अमृतसर में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
14-15 अप्रैल को शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 अप्रैल को पूरे पंजाब में मौसम शुष्क बना रहेगा। इन दिनों आसमान साफ रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी हो सकती है।
16 अप्रैल से बदलेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश के संकेत
पूर्वानुमान के मुताबिक 16 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब के कई जिलों में बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 17 अप्रैल को भी मौसम का यही रुख बना रहने की संभावना है। हालांकि 18 अप्रैल से मौसम फिर साफ होने के आसार हैं।



