Punjab Weather Update: अप्रैल की शुरुआत में भी बिगड़ा रहेगा मौसम, तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी

लुधियाना। पंजाब में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है और अप्रैल की शुरुआत में भी राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। सोमवार को राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से सामान्य बारिश दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे।
कहां कितनी हुई बारिश
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार चंडीगढ़ में 1.7 मिमी, अमृतसर में 0.3 मिमी, पटियाला में 2.4 मिमी, एसबीएस नगर में 2.5 मिमी, मोहाली में 3.0 मिमी, पठानकोट में 6.5 मिमी, रूपनगर में 2.5 मिमी और फिरोजपुर में 1.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं लुधियाना और होशियारपुर समेत अन्य जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई।
तापमान में गिरावट, मौसम रहा सुहावना
बारिश के चलते कई जिलों में दिन का तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। लुधियाना और पटियाला में तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि चंडीगढ़ और मोहाली में 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पंजाब के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
एक और दो अप्रैल को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन इसके बाद तीन से पांच अप्रैल के बीच फिर से मौसम बिगड़ सकता है। इस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से सामान्य बारिश होने की संभावना जताई गई है।
येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने तीन से पांच अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



