Punjab Weather: पंजाब में आज से बदलेगा मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश और धूल भरी हवाओं का येलो अलर्ट जारी

लुधियाना। पंजाब के ज्यादातर इलाकों में मौसम शनिवार से बदलने वाला है। मौसम केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, 14 मार्च से 19 मार्च तक पंजाब में येलो अलर्ट जारी रहेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान में बदलाव और मौसम की स्थिति
गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को औसत अधिकतम तापमान में -0.4° सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि यह राज्य में सामान्य से 3.7° सेल्सियस अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 31.8° सेल्सियस फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया।
वर्षा और हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी संभव है। इसके बाद 15 से 19 मार्च तक तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। गुरदासपुर में रात का सबसे ठंडा तापमान दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, शुक्रवार तक किसी भी क्षेत्र में वर्षा नहीं हुई।



