टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

आज रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘महंगाई पर हल्ला बोल’ रैली, राहुल गांधी भी करेंगे संबोधित

नई दिल्ली. सुबह की बड़ी खबर के अनुसार, आज यानी रविवार 4 सितंबर को कांग्रेस (Congress), दिल्ली के रामलीला मैदान में BJP के नेतृत्व वाली केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ ‘मंहगाई पर हल्ला बोल’ रैली आयोजित करेगी। आज की इस रैली में इसमें बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं पर माल एवं सेवा कर (GST) में वृद्धि पर भी मोदी सरकार को घेरा जाएगा।

उधर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने जानकारी दी कि, मुख्यालय से बस चलेंगी। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता आज सुबह करीब 10 बजे पार्टी मुख्यालय से बस में बैठकर रामलीला मैदान के लिए रवाना होंगे। आज तय कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेता इस रैली को संबोधित करेंगे। इसमें देश के अन्य हिस्सों के अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।

गौरतलब है कि यह रैली आगामी 7 सितंबर से कन्याकुमारी से कश्मीर तक विपक्षी पार्टी की 3,500 किलोमीटर की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से पहले हो रही है, जहां राहुल गांधी देश भर में यात्रा कर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर जोर देंगे और सांप्रदायिक सद्भाव को भी बढ़ावा देंगे।

उधर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इलाज के लिए देश से बाहर गई हैं और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी उनके साथ गई हुई हैं, इस कारण दोनों कार्यक्रमों में भाग नहीं लेंगी। इस बीच, पार्टी छोड़ने के बाद कांग्रेस के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद भी आज यानी रविवार को जम्मू में अपनी पहली जनसभा को संबोधित करेंगे।

Related Articles

Back to top button