मध्य प्रदेशराज्य

‘रतन टाटा का जाना विश्व उद्योग जगत के लिए बड़ी क्षति’, CM मोहन सहित प्रदेश के कई नेताओं ने जताई संवेदना

भोपाल : टाटा समूह के चेयरमैन और वरिष्ठ उद्योगपति रतन टाटा (Ratan Tata) ने 86 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बुधवार देर रात मुंबई (Mumbai) के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन (Demise) के बाद आज शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने लिखा कि देश के सुप्रसिद्ध उद्योगपति और टाटा संस के मानद चेयरमैन श्री रतन टाटा जी का निधन उद्योग जगत ही नहीं, अपितु समस्त भारतवासियों के लिए अपूरणीय क्षति है। आज देश ने एक महान उद्योगपति के साथ ही बेहद संवेदनशील, राष्ट्रसेवा एवं मानवता के प्रति सदैव समर्पित शख्सियत को खोया है। उनके जाने से भारत ही नहीं, बल्कि विश्व उद्योग जगत में एक रिक्तता सदैव रहेगी। देश के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने परमधाम में स्थान देंवे, साथ ही शोकाकुल हर व्यक्ति को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा कि आज मां भारती ने रतन टाटा जी के रूप में अपना एक महान सपूत खो दिया है। इस दु:खद समाचार से हृदय द्रवित है, मन उदास है। रतन जी देश के ‘रत्न’ थे। उन्होंने भारतीय उद्योग जगत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। वह देश के विकास के लिए सदैव समर्पित रहे और समाज में बेहतर बदलाव के लिए कई अभूतपूर्व कार्य किए। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। वह सदैव हमारी यादों में रहेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamalnath) ने लिखा कि देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति और समाजसेवी पद्म विभूषण श्री रतन टाटा के निधन पर मैं गहरा शोक व्यक्त करता हूं। अपनी औद्योगिक दक्षता से उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया। उनके निधन से देश ने एक प्रतिबद्ध औद्योगिक नेतृत्व खो दिया है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने लिखा कि टाटा परिवार के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना। श्री रतन टाटा से मिलने का सौभाग्य मिला और हमारी मुलाकात की बहुत अच्छी यादें हैं। उनकी आत्मा को शांति मिलें।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी (Jitu Patwari) ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि महान उद्योगपति और भारत के विकास में अभूतपूर्व योगदान देने वाले रतन टाटा जी के निधन से पूरा देश शोकाकुल है। रतन जी ने अनगिनत लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हुए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा। ईश्वर इस महान आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।

Related Articles

Back to top button