महाराष्ट्रराज्य

महाराष्ट्र के 11 जिलों में रेड अलर्ट, गुजरात, कर्नाटक में बाढ़ का कहर

नई दिल्ली : भारी बारिश की वजह से देश का बड़ा हिस्सा बाढ़ का सामना कर रहा है। इस समय महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश की नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने मुंबई और पुणे समते महाराष्ट्र के 11 जिलों में 14 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी राज्यों में भी मॉनसून का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, रत्नागिरि, कोल्हापुर, रायगढ़, अमरावति, सतारा, सिंधुदुर्ग और ठाणे में कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। नासिक और पुणे में भी भारी वर्षा हो सकती है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को लगातार चौकन्ना रहने और लोगों की मदद करने का निर्देश दिया है। बता दें कि मुंबई में आज भी हल्की और मध्यम वर्षा हुई लेकिन14 जुलाई को तेज बारिश के आसार हैं। मंगलवार को मुंबई में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।

कर्नाटक में बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 32 लोगों की जान जा चुकी है। मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने लोगों की मदद के लिए तत्काल प्रभाव से 500 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यहां बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी राज्य के बड़े हिस्से में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक 14 तारीख को तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। वहीं 14 से 17 जुलाई के बीच विदर्भ में वर्षा होगी। इस बीच छत्तीसगढ़, ओडिशा, कोंकण और गोवा के साथ गुजरात में भी भारी बारिश हो सकती है। गुजरात में अभी बाढ़ से निजात मिलने वाला नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि 14 जुलाई को पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं अगले तीन दिनों तक उत्तराखंड में मध्यम से भारी वर्षा के आसार हैं। 15 जुलाई को पश्चमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है।

गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं। अब तक प्रदेश में कम से कम 60 लोगों की जान जा चुकी है। नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। एनडीआरएफ की 13 टीमें राज्य में तैनात की गई हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को फोन करके हर प्रकार की मदद देने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button