
Bihar Weather Forecast: हाड़ कंपाने वाली ठंड झेल रहे बिहार के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बिहार में प्रचंड ठंड का प्रकोप अब कम होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार जताए हैं। इससे राज्यभर में शीतलहर की स्थिति कम हो जाएगी। हालांकि, सुबह के समय कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित रहेगा। उत्तर बिहार में घने कुहासे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 2-3 दिनों तक दिन और रात के पारे में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। पारा बढ़ेगा नहीं तो गिरेगा भी नहीं। वहीं, 3 दिन के बाद राज्यभर के अधिकतम तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी के आसार जताए गए हैं। यानी कि दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे कोल्ड डे की स्थिति नहीं रहेगी। हालांकि, फिलहाल किसी भी जिले में शीत दिवस का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
हालांकि, अगले एक सप्ताह तक सुबह के समय बिहार में अधिकतर जगहों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग ने नेपाल सीमा से सटे जिलों में घने कोहरे की आशंका जताई है। पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिले में 19 जनवरी तक घना कुहासा का येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद राहत मिलने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें:30 मंजिला होगा मुंबई में बनने वाला बिहार भवन, मरीजों के लिए होंगे खास इंतजाम
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बिहार का मौसम शुष्क बना हुआ है। शुक्रवार को तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया। हालांकि, न्यूनतम तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार नजर आ रहे हैं। 19 जनवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की भी बात कही जा रही है। हालांकि, इसका असर बिहार में होगा यह नहीं, यह देखने वाली बात होगी।



