दिल्लीराज्य

दिल्ली के रोहिणी में पुलिस मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्‍ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद बदमाश को गिरफ्तार किया। यह मुठभेड़ रोहिणी के बेगमपुर थाना क्षेत्र में हुई है। बदमाश की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जिसे कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग का सदस्य बताया जा रहा है। यह कई मामलों में वांछित था। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाश दीपक के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के मुताबिक, बीते दिनों हरियाणा के रोहतक में बदमाशों ने फायरिंग में एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तलाश में स्पेशल सेल की टीम लगातार जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध रोहिणी में देखा गया है। इसके बाद इंस्पेक्टर संदीप डबास के नेतृत्व में स्पेशल सेल की टीम की ओर से रोहिणी इलाके में जाल बिछाया गया।

दीपक जैसे ही रोहिणी इलाके में पहुंचा, पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। वह रुकने के बजाय भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस जवाबी कार्रवाई के दौरान एक गोली दीपक के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अपराधी दीपक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और रोहतक हत्याकांड को सुलझाने के लिए इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। स्पेशल सेल को उम्मीद है कि दीपक की गिरफ्तारी से अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। इस ऑपरेशन को दिल्ली पुलिस की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button