अन्तर्राष्ट्रीय

रूस का विनाशकारी जिरकॉन परमाणु मिसाइलों से लैस युद्धपोत, ब्रिटेन के करीब से गुजरेगा

मॉस्को: रूस का विनाशकारी परमाणु मिसाइलों से लैस युद्धपोत ब्रिटेन के करीब से होकर गुजरने के लिए तैयार है। इस युद्धपोत पर लगीं मिसाइलें 11000 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से उड़ान भर सकती हैं। एडमिरल गोर्शकोव अगले साल की शुरुआत में पश्चिमी देशों को ताकत दिखाने के लिए एक रूसी नौसैनिक टास्क फोर्स का नेतृत्व करेगा। यूक्रेन युद्ध की शुरुआत से ही रूस और पश्चिमी देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। इनमें यूक्रेन को बड़े पैमाने पर सैन्य मदद मुहैया कराने वाले अमेरिका और ब्रिटेन को रूस खुले तौर पर धमकियां दे रहा।

रूसी युद्धपोत मैक 9 हाइपरसोनिक जिरकॉन परमाणु मिसाइलों से लैस होगा। द सन की खबर के अनुसार, रूसी रक्षा मंत्रालय के एक करीबी सूत्र ने TASS सरकारी न्यूज एजेंसी को बताया, ‘एडमिरल गोर्शकोव जनवरी 2023 में समुद्र में अपनी कॉम्बैट ड्यूटी शुरू कर सकता है।’ सूत्र ने कहा कि यह Tsirkon या जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइलों के साथ भूमध्य सागर में अपने युद्ध कार्यों का प्रदर्शन करेगा।

रूस का हथियार- Unstoppable
इस साल की शुरुआत में जिरकॉन को एडमिरल गोर्शकोव से बैरेंट्स सागर में फायर किया गया था। इसने वाइट सागर में 1005 किमी की दूरी पर एक टारगेट को हिट किया था। क्रेमलिन ने इस हथियार को ‘unstoppable’ बताया था जो परमाणु हथियार दागने में सक्षम है। क्रोनस्टैड मरीन प्लांट पर रखरखाव के लिए यह जहाज आर्कटिक बंदरगाह सेवरोमोर्स्क पर पहुंच गया है। भूमध्य सागर में ‘वॉर गेम’ के नए मिशन के लिए गोर्शकोव संभवतः सेवरोमोर्स्क से ब्रिटेन के करीब से होकर गुजर सकता है।

‘हमारी मिसाइलों का कोई मुकाबला नहीं’
हालांकि रूस ने फिलहाल सटीक रूट या समय का खुलासा नहीं किया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले दावा कर चुके हैं कि इन मिसाइलों का दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है। रूसी प्रोपेगेंडा चैनल टीवी Zvezda ने चेतावनी दी है कि यह ‘फ्रिगेट बहुत जल्द दुनिया के महासागरों में सतह के जहाजों का सबसे खतरनाक दुश्मन बन जाएगा।’ चैनल ने कहा कि ‘वॉर गेम’ के दौरान जिरकॉन मिसाइलों का परीक्षण किया जा सकता है। जिरकॉन को रूसी फ्रिगेट और बाद में पनडुब्बियों पर तैनात किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button