सऊदी अरब की यात्रा के लिए भारतीयों पर कोई प्रतिबंध नहीं, सऊदी सरकार ने बताई सच्चाई

नई दिल्ली: भारतीयों के सऊदी अरब जाने पर रोक की खबरें गलत हैं और सऊदी सरकार ने इस मामले में कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। सरकारी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी है। यह स्पष्टीकरण उन खबरों के बाद आया है, जिनमें दावा किया गया था कि सऊदी सरकार ने भारतीयों की वहां की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है।
सऊदी सरकार का कहना है कि उन्होंने इससे जुड़ा कोई भी नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। यह सभी खबरें पूरी तरह से गलत हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि सऊदी अरब की यात्रा के लिए भारतीयों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि सऊदी अरब ने ऐसी कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। देश ने पुरानी परंपरा के अनुसार हज के दौरान भीड़भाड़ को रोकने के लिए अल्पकालिक वीजा पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया है। जो हज के समापन के साथ ही समाप्त हो जाएंगे।
दरअसल पहले मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि सऊदी अरब ने भारत समेत कई देशों के लिए ब्लॉक वर्क वीजा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। बताया गया था कि यह फैसला सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से लिया गया। ऐसा इसलिए क्योंकि हज अवधि के दौरान तीर्थयात्रियों के प्रबंधन और आव्रजन अनुपालन में दिक्कत होती है। यात्रा प्रतिबंध 30 जून तक लागू रहेगा।
हज 2025 के लिए भारत से 1.75 लाख जायरीन जा रहे हैं। इस बार भारत को 1,75,025 तीर्थयात्रियों का कोटा आवंटित किया गया है। इससे पहले 13 जनवरी, 2025 को जेद्दा में भारत के संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री, महामहिम डॉ. तौफीक बिन फौजान अल-रबिया ने प्रमुख समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।