टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

पंजाब-हरियाणा सहित कई राज्यों में चिलचिलाती गर्मी का अलर्ट, अगले 5 दिनों में टूट सकते हैं रिकॉर्ड

नई दिल्ली: पिछले दिनों देश के कई इलाकों में प्री मानसून गतिविधियां देखने को मिली। साथ ही कई राज्यों में धूल भरी आंधी भी चली। लगा कि शायद अब गर्मी से राहत मिल जाएगी। लेकिन मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक भयंकर गर्मी से राहत मिलने के फिलहाल कोई आसार नहीं हैं। इतना ही नहीं IMD ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान गर्मी का रिकॉर्ड भी टूट सकता है। कहा जा रहा है कि कई राज्यों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में अब मई की शुरुआत तक लू रह सकती है। हालांकि इस दौरान 29 अप्रैल को आंधी भी आएगी। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब व हरियाणा ही नहीं पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री से पार पहुंच गया है। बुधवार को देश में सबसे अधिक तापमान मध्य प्रदेश के राजगढ़ में रहा। यहां पारा 45.6 पर पहुंच गया था। भीषण गर्मी को लेकर दिल्ली, बंगाल व उत्तराखंड ने अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों के दौरान पूर्व, मध्य और उत्तर पश्चिम भारत में लू की स्थिति बनी रह सकती है।

साथ ही पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार में अलग-अलग इलाकों में हीटवेव की स्थिति की संभावना है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंतरिक ओडिशा और गुजरात राज्य के उत्तरी भाग में भी ऐसे ही हालात रह सकते हैं। अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान के 43 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। आज हीट वेव की स्थिति रहेगी। वहीं, शुक्रवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। गुजरात के अहमदाबाद में आज का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज का मिनिमम टेम्प्रेचर 25 डिग्री सेल्सियस और मैक्सिमम टेम्प्रेचर 42 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।

राजस्थान के जयपुर में आज का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसके अलावा, जम्मू में भी तापमान काफी अधिक रहने की आशंका है। यहां का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस जाएगा। वहीं कुछ राज्यों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है, जिससे अस्थायी राहत मिल सकती है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश आदि राज्यों में भी हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भी आज बारिश होने की संभावना है। उधर, 30 अप्रैल और एक मई को अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश होगी। 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ असम और मेघालय में भी 1 मई को बारिश के आसार जताए गए हैं।

Related Articles

Back to top button