राजस्थानराज्य

अस्पताल में टॉयलेट गंदा देख ब्रश उठाकर साफ करने लगे विधायक भागचंद टांकड़ा

दौसा : बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक भागचंद टांकडा चुनाव जीतते ही एक्शन मोड में आ गए है। विधायक भागचंद टांकडा पहली बार बाइक से बांदीकुई शहर के निरीक्षण पर निकले। इस दौरान टांकडा ने वहां के उपजिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जहां टॉयलेट गंदा देखकर वे सरकारी मशीनरी पर भड़क गए। विधायक ने अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारियों को लताड़ लगाते हुए कहा कि इस तरह की गंदगी दोबारा नहीं दिखनी चाहिए। इसके बाद विधायक खुद ब्रश उठाकर टॉयलेट की सफाई करने में जुट गए। चिकित्सकों सहित कर्मियों को नसीहत देते हुए कहा कि अब राज बदल गया है, तुम लोगों को रिवाज बदलना होगा। बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधा देनी होगी। आप सब अपना रिवाज बदल लें, वरना 10 दिन के भीतर अपनी नई जगह तलाश लें।

बता दें कि हवामहल विधानसभा से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य गत दिवस कड़े एक्शन में नजर आए थे। अब भाजपा के ही नवनिर्वाचित विधायक भागचंद टांकडा के तेवर भी उसी अंदाज में दिखई दिए हैं। लोगों में चर्चा है कि राज बदलने के बाद सरकारी कर्मचारियों को अब रिवाज भी बदलना ही पड़ेगा।

विधायक भागचंद टांकडा ने कहा कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो केवल अस्पताल प्रभारी डॉ. अशोक गुर्जर मिले। यहां 30 लोगों का स्टाफ है। डॉक्टर्स के कमरों पर ताले लटके मिले। पहले जनता यह कहती थी कि यहां का जो विधायक बनेगा वह बांह चढ़ाएगा। लेकिन यहां अस्पताल में कर्मचारी बांह चढ़ाते हैं। यदि कर्मचारी बांह चढ़ाना जानते हैं तो हम भी जानते हैं। उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. अशोक सिंह गुर्जर ने बताया कि आज विधायक निरीक्षण करने आए थे, कुछ कमियां मिली है। जल्दी ही इन कमियों में सुधार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button