उत्तर प्रदेशराज्य

प्रयागराज में सनसनीखेज हत्या, अतीक अहमद के भाई के पूर्व गनर को बीच सड़क पर मारी गोली

प्रयागराज में एक बार फिर दिनदहाड़े गोलीकांड से दहशत फैल गई है। करेली थाना क्षेत्र के गौस नगर में माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के पूर्व गनर रहे इरफान गद्दी की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सीने में गोली लगते ही सड़क पर गिरा, अस्पताल में मौत
जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने इरफान गद्दी को निशाना बनाते हुए सीने में गोली मारी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। काफी देर बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल और एडिशनल डीसीपी राजकुमार मीणा ने घटनास्थल का जायजा लिया। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।

अशरफ का गनर रह चुका था मृतक
मृतक इरफान गद्दी को लेकर बताया जा रहा है कि वह अतीक अहमद के भाई अशरफ के साथ सुरक्षा में तैनात रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, उसकी चकिया इलाके के आशिफ दुर्रानी से पुरानी दुश्मनी चल रही थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आशिफ दुर्रानी समेत एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

2023 में अतीक और अशरफ की हुई थी हत्या
गौरतलब है कि अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोनों को मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय कॉल्विन अस्पताल के पास हमलावरों ने निशाना बनाया था। यह घटना उस समय लाइव कैमरों में भी कैद हुई थी।

Related Articles

Back to top button