हिमाचल में कड़ाके की ठंड का कहर, तापमान माइनस में; 4 नेशनल हाईवे समेत 885 सड़कें बंद, पश्चिमी विक्षोभ फिर होगा सक्रिय

शिमला/मनाली। हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान बारिश और भारी हिमपात से ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया है। प्रदेश के कई इलाकों में दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। अधिकतम तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि बजौरा में अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे, शिमला में भी जमाव बिंदु पर पहुंची ठंड
मनाली, केलंग, ताबो, नारकंडा, कुफरी, कल्पा और रिकांगपिओ जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर करीब तीन फीट तक बर्फ जमी है, जबकि लाहुल घाटी में दो से तीन फीट, मनाली में एक फीट और सोलंगनाला में ढाई फीट तक हिमपात हुआ है।
ऊपरी शिमला और सराज घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त
शिमला में मंगलवार रात करीब तीन इंच हिमपात दर्ज किया गया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने ऊपरी शिमला क्षेत्रों के लिए शाम के समय ही कुछ वाहनों को रवाना किया। सराज घाटी में भारी बर्फबारी के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। धौलाधार की पहाड़ियों पर भी ताजा हिमपात से ठंड और बढ़ गई है।
हिमस्खलन की चेतावनी, अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
लाहुल-स्पीति प्रशासन ने हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा न करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। जिले के खदराला में सर्वाधिक 41 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया है। गोंदला में 36, संधोल में 31, कुकुमसेरी और मनाली में 28-28, कल्पा और शिलारू में 17-17 तथा केलंग में 15 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। निचले क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश हुई है।
4 नेशनल हाईवे समेत 885 सड़कें बंद, बिजली-पानी व्यवस्था प्रभावित
लगातार खराब मौसम के चलते प्रदेश में चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 885 सड़कें बंद पड़ी हैं। 3237 ट्रांसफार्मर ठप होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है, जबकि 121 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार प्रदेश को 45.71 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग को 40.18 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। हालात को देखते हुए मनाली उपमंडल और लाहुल-स्पीति जिले में 29 जनवरी को सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
पश्चिमी विक्षोभ फिर होगा सक्रिय, 3 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग ने 30 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके असर से प्रदेश में तीन फरवरी तक बारिश और हिमपात का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है।
रातभर चला रेस्क्यू, फंसे पर्यटकों को सुरक्षित होटलों तक पहुंचाया
मंगलवार शाम मनाली में भारी हिमपात के चलते रांगड़ी और सोलंगनाला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन फंस गए। पुलिस ने राहत और बचाव अभियान चलाते हुए आधी रात तक पर्यटकों को सुरक्षित उनके होटलों तक पहुंचाया। सोलंगनाला की ओर गए करीब 400 पर्यटक वाहन नाग मंदिर के पास फंस गए थे। सभी वाहन फोर-बाय-फोर होने से राहत कार्य में ज्यादा दिक्कत नहीं आई, लेकिन रांगड़ी क्षेत्र में देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा।



