बिहारराज्य

बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप, शेखपुरा के एक विद्यालय में 16 बच्चे हुए बेहोश, अस्पताल में भर्ती

शेखपुरा: बिहार भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य में कई जगहों पर पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं, शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय मनकौल में बुधवार की सुबह भीषण गर्मी से 16 छात्र-छात्राएं बेहोश हो गए।

इधर, बेहोशी की हालत में 6 छात्राओं को बाइक और टोटो से सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया। दो छात्राओं को निजी अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान बेहोश बच्चों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा भी मुहैया नहीं हो सकी। घटनाक्रम से आक्रोशित ग्रामीणों ने शेखपुरा-ससबहना सड़क मार्ग को जाम कर दिया। बता दें कि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहेगी।

आईएमडी के पटना कार्यालय के वैज्ञानिक आशीष कुमार ने कहा कि 47.7 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ औरंगाबाद मंगलवार को राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। उन्होंने बताया कि यह बिहार में इस मौसम का सबसे अधिक तापमान है। जिन स्थानों पर तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया उनमें औरंगाबाद (47.7 डिग्री सेल्सियस), डेहरी (47 डिग्री सेल्सियस), अरवल (46.9 डिग्री सेल्सियस), गया (46.8 डिग्री सेल्सियस), रोहतास के बिक्रमगंज (46.5 डिग्री सेल्सियस), बक्सर (46.4 डिग्री सेल्सियस), भोजपुर (45.6 डिग्री सेल्सियस), नवादा (45.4 डिग्री सेल्सियस) और राजगीर (44.1 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button