अपराधदिल्ली

होली के दिन हुए तरुण हत्याकांड में SIT की एंट्री, 16 आरोपी पकड़े गए; इलाके में ड्रोन और फोर्स से कड़ी निगरानी

पश्चिमी दिल्ली: उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई युवक तरुण खटीक की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज करते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है। यह टीम अब पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। जल्द ही मामले की जांच का जिम्मा उत्तम नगर थाना पुलिस से लेकर एसआईटी को सौंप दिया जाएगा।

घटना से जुड़े हर पहलू की होगी जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसआईटी टीम मामले से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच करेगी। इसके तहत घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करना और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण शामिल रहेगा। साथ ही घटना में शामिल सभी आरोपितों की भूमिका का भी विस्तार से परीक्षण किया जाएगा।

बच्ची पर पानी के छींटे पड़ने से शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि 4 मार्च को होली के दिन एक 11 वर्षीय बच्ची के गुब्बारे से गिरा पानी एक महिला पर पड़ गया था। इसी बात को लेकर महिला और तरुण के परिवार के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद महिला ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया और मौके पर जमकर हंगामा हुआ।

परिजनों का कहना है कि इस दौरान कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिला और बच्ची के साथ बदसलूकी भी की। दिन भर चले विवाद के बाद रात में जब तरुण होली खेलकर घर लौटा, तो आरोपितों ने उस पर हमला कर दिया और उसके सीने पर पत्थर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपितों के घरों पर प्रशासन की कार्रवाई

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।

अब तक इस मामले में दो नाबालिग सहित 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों के घर के उस हिस्से को बुलडोजर से तोड़ दिया, जिसे अतिक्रमण कर अवैध रूप से बनाया गया था। इसके अलावा वहां अवैध रूप से चल रही फैक्ट्री के कारण संबंधित मकानों को भी सील कर दिया गया है।

शुक्रवार को लेकर पुलिस अलर्ट

आगामी शुक्रवार को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। इलाके में पहले से ही पुलिस और अर्धसैनिक बलों की दो कंपनियां तैनात कर दी गई हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने स्थानीय शांति समिति के साथ बैठक भी की, जिसमें सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।

ड्रोन से भी रखी जाएगी निगरानी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जमीन के साथ-साथ आसमान से भी निगरानी की जाएगी। ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी और विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और क्षेत्र में शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button