दिल्ली

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शुरू होंगी स्मार्ट एआई कक्षाएं, विदेशी भाषाओं की भी होगी पढ़ाई

दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंगलवार को सरोजिनी नगर में बने सीएम श्री स्कूल का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इसके साथ ही राजधानी में 75 सीएम श्री स्कूल परियोजनाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने दिल्ली सरकार को बधाई देते हुए कहा कि एक वर्ष के भीतर शिक्षा से जुड़े वादों को धरातल पर उतारना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में अब विद्यार्थियों को निजी स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक, तकनीक-संपन्न और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सीएम श्री स्कूलों का उद्देश्य बच्चों के भविष्य को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। इन स्कूलों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां स्मार्ट एआई कक्षाएं होंगी, जिनमें इंटरैक्टिव पैनल, डिजिटल स्टडी मटीरियल और आधुनिक लर्निंग टूल्स उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक विशेष पोर्टल भी तैयार किया गया है, जहां जेईई, नीट और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं की कोचिंग दी जाएगी। इसके अलावा मल्टी-सेक्टोरियल स्किल लैब्स में रोबोटिक्स, एआई, डिजाइन और मेकाट्रानिक्स जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आईसीटी लैब्स में विद्यार्थी कोडिंग और कंप्यूटर शिक्षा हासिल करेंगे। साथ ही साइंस ऑफ लिविंग स्पेस के जरिए बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, नैतिक शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्कूलों में बहुभाषी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लैंग्वेज लैब्स स्थापित की जाएंगी, जहां विदेशी भाषाओं की भी पढ़ाई होगी।

इस मौके पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 7,000 कंप्यूटरों से लैस 175 नई आईसीटी लैब्स शुरू की जा रही हैं। इसके साथ ही 100 से अधिक डिजिटल लाइब्रेरी और 175 से ज्यादा लैंग्वेज लैब्स भी बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि 31 मार्च से पहले सभी 7,000 स्मार्ट कक्षाएं पूरी तरह तैयार कर ली जाएंगी।

Related Articles

Back to top button