Smart TV भी बन सकता है जासूस! आपकी बातचीत से लोकेशन तक हो सकती है ट्रैकिंग, इस्तेमाल से पहले जरूर जानें ये खतरे

टेक्नोलॉजी ने जहां जिंदगी को आसान बनाया है, वहीं इसके साथ प्राइवेसी को लेकर खतरे भी तेजी से बढ़े हैं। स्मार्टफोन, स्मार्ट वॉच के बाद अब Smart TV भी आपकी निजता के लिए जोखिम बन सकता है। घर के सबसे निजी स्पेस—यहां तक कि बेडरूम—में मौजूद यह डिवाइस आपकी बातचीत सुनने से लेकर आपकी लोकेशन तक ट्रैक कर सकता है, अगर सावधानी न बरती जाए।
Smart TV से कैसे हो सकता है आपकी प्राइवेसी को खतरा
आजकल के Smart TV वॉइस कंट्रोल फीचर के साथ आते हैं, जिनमें माइक्रोफोन से लैस रिमोट होता है। यूजर्स जब वॉइस कमांड की अनुमति देते हैं, तो यह फीचर आपकी आवाज रिकॉर्ड कर सकता है। यह डेटा सर्च को आसान बनाने के लिए सर्वर तक भेजा जा सकता है। ऐसे में आपकी निजी बातचीत भी अनजाने में रिकॉर्ड होकर ऑनलाइन स्टोर हो सकती है।
इसके अलावा, कई Smart TV में लोकेशन एक्सेस की सुविधा होती है, जो विभिन्न ऐप्स के जरिए एक्टिव रहती है। अगर यूजर ने इसे ऑन रखा है, तो उसकी लोकेशन भी शेयर हो सकती है।
वॉइस और लोकेशन परमिशन से बढ़ता है रिस्क
वॉइस सर्च और स्मार्ट फीचर्स के लिए दी गई परमिशन कई बार यूजर्स की प्राइवेसी पर भारी पड़ सकती है। OTT प्लेटफॉर्म पर कंटेंट सर्च करने के लिए दी गई अनुमति बैकग्राउंड में डेटा कलेक्शन का जरिया बन सकती है। इसी तरह, लोकेशन परमिशन के जरिए आपके घर की जानकारी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स तक पहुंच सकती है।
Smart TV इस्तेमाल करते समय रखें ये सावधानियां
Smart TV को जब इस्तेमाल में न लाएं, तो उसे पूरी तरह स्विच ऑफ रखें। इससे रिमोट या डिवाइस का इंटरनेट कनेक्शन एक्टिव नहीं रहेगा और डेटा शेयरिंग का खतरा कम हो जाएगा।
किसी भी ऐप को इंस्टॉल करते समय उसकी परमिशन को ध्यान से पढ़ें और अनावश्यक एक्सेस न दें। खासकर माइक्रोफोन और लोकेशन परमिशन को तभी ऑन करें जब इसकी जरूरत हो।
अगर संभव हो तो टीवी पर वॉइस कंट्रोल फीचर को बंद रखें या सीमित इस्तेमाल करें। इससे आपकी बातचीत रिकॉर्ड होने का खतरा कम हो जाएगा।
इसके अलावा, टीवी ऑन रहने के दौरान बहुत निजी बातचीत करने से बचें, खासकर तब जब वॉइस फीचर एक्टिव हो।
छोटी लापरवाही बन सकती है बड़ा खतरा
Smart TV जैसे डिवाइस सुविधा के साथ-साथ जोखिम भी लेकर आते हैं। अगर यूजर सेटिंग्स और परमिशन पर ध्यान नहीं देता, तो उसकी निजी जानकारी लीक होने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए जरूरी है कि तकनीक का इस्तेमाल समझदारी और सतर्कता के साथ किया जाए।



