जम्मू के अरनिया सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर्स के ‘स्नाइपर’ ने मारी गोली, BSF के 2 जवान घायल
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2023/10/jammu-bsf-shot-764x430-1.webp)
नई दिल्ली: जम्मू (Jammu) से मिली बड़ी खबर के अनुसार यहां आरएसपुरा सेक्टर के अरनिया में मंगलवार शाम बॉर्डर पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने गोलीबारी की। इसमें सीमा सुरक्षा बल (BSF) के दो जवान घायल हो गए हैं। वहीं घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। जानकारी मिली कि पाक रेंजरों द्वारा BSF जवानों पर अकारण गोलीबारी करने के बाद इनके दो जवान गोली लगने से घायल हो गए।
मामले पर BSF के पीआरओ (PRO) ने जानकारी दी कि, कल पाक रेंजर्स ने बीएसएफ जवानों पर अकारण गोलीबारी की,जिसका अरनिया सेक्टर में सतर्क बीएसएफ जवानों ने जवाब दिया। इस दौरान BSF के दो जवानों को गोली लगी और उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है।
वहीं अब सूत्रों ने कहा कि गोलीबारी की घटना का मुद्दा पाकिस्तान रेंजरों के समक्ष उठाया जाएगा और उनके समक्ष घटना को लेकर विरोध जताया जाएगा। यह भी जानकारी मिली कि इन दो BSF जवानों को निशाना बनाने के लिए पाकिस्तान की इकबाल और खन्नोर चौकी की दिशा से बाकायदा स्नाइपर का इस्तेमाल किया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार BSF के दोनों जवान चौकी के निकट बिजली का काम कर रहे थे तभी गोलीबारी शुरू हो गई। बता दें कि भारत और पाकिस्तान ने 25 फरवरी, 2021 को एक युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें दोनों देश जम्मू-कश्मीर और अन्य क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा (LOC) पर युद्धविराम को लेकर सभी समझौतों का सख्ती से पालन करने के लिए भी दोनों ही सहमत हुए थे। लेकिन आज भी पाकिस्तान गैरजरूरी गोलीबारी करता रहता है।