टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

कोरोना संक्रमित हुये वित्त मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक अफेयर्स के कुछ कर्मचारी, जारी हुई नई गाइडलाइन

नई दिल्‍ली। जनवरी के पहले हफ्ते में संसद भवन के 400 कर्मचारियों के कोविड पॉजिटिव होने के बाद अब वित्त मंत्रालय के कर्मचारी भी संक्रमण की चपेट में हैं। एक फरवरी को पेश होने वाले बजट के लिए वित्त मंत्रालय तैयारियों में लगा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को बजट 2022 पेश करने वाली हैं। इससे पहले इकोनॉमिक सर्वे आता है। लेकिन इकोनॉमिक सर्वे से लेकर बजट की तैयारी में अहम भूमिका निभाने वाले वित्त मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक अफेयर्स के कुछ कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इस विभाग के कर्मचारियों के संक्रमित होने के बाद इन्हें होम आइसोलेशन पर भेजा गया है।

इससे पहले संसद भवन में संक्रमण बढ़ने पर राज्यसभा सचिवालय ने कर्मचारियों की उपस्थिति कम कर दी हैं। यहां अवर सचिव/कार्यकारी अधिकारी के पद से नीचे के 50% अधिकारियों और कर्मचारियों को इस महीने के आखिरी तक वर्क फ्रॉम होम करने के आदेश दिए गए हैं। सचिवालय का समय भी बदल गया है।

कर्मचारियों के लिए जारी हुआ ऑफिस मेमोरेंडम
उधर, वित्त मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक अफेयर्स के कर्मचारियों के संक्रमित होने के बाद केंद्र सरकार के अवर सचिव हिमांशु गांधी ने ऑफि‍स मेमोरेंडम जारी किया है। इसके मुताबिक सरकारी कर्मचारी स्वयं कोविड पॉजिटिव होंगे और होम आइसोलेशन/क्वारंटाइन में हो तो संक्रमित को कोविड पॉजिटिव रिपोर्ट पेश करने पर 7 दिनों तक का अवकाश दिया जाएगा।

वहीं, अगर कर्मचारी के परिवार का आश्रित सदस्य कोविड पॉजिटिव हो या रोगी, उसके साथ रहने वाले आश्रित हों या नहीं, लेकिन कोविड पॉजिटिव हो तो डिवीजनल हेड के अनुमोदन से उक्‍त सरकारी कर्मचारी को 7 दिनों तक वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दी जा सकती है, लेकिन इस मामले में संभाग प्रमुख का निर्णय अंतिम होगा। इसके अलावा सरकारी कर्मचारी के किसी कोविड पॉजिटिव व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने पर उसे अगले 3 दिनों के लिए और अधिकतम 7 दिनों के लिए संभाग प्रमुख के अनुमोदन से घर से काम करने की अनुमति दी जा सकती है। अवर सचिव की तरफ से कहा गया है कि कार्यालय ज्ञापन अगले आदेश तक या इस संबंध में डीओपीटी द्वारा आदेश जारी होने तक वैध रहेगा।

Related Articles

Back to top button