Sonipat Accident: NH-44 पर तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी कार को 100 मीटर घसीटा, दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत

हरियाणा के सोनीपत में गुरुवार रात नेशनल हाईवे-44 पर एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी और उसे करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बर्थडे पार्टी के लिए जा रहा था परिवार
प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिंद्रा टीयूवी 300 कार में सवार छह लोग दिल्ली से मुरथल एक बच्चे का जन्मदिन मनाने जा रहे थे। रास्ते में राई क्षेत्र में गोल्डन हट ढाबे के पास सर्विस लेन पर वे कुछ देर के लिए रुके थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी।
100 मीटर तक घसीटी कार, मौके पर मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
दो सगी बहनों की मौके पर मौत
इस हादसे में दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मनदीप कौर (24) और उनकी बहन मनप्रीत कौर (38) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रिश्ते में सगी बहनें थीं और परिवार के साथ जश्न में शामिल होने जा रही थीं।
चार घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे में कार में सवार अन्य चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद चालक फरार
टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। राई थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में केस दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जश्न का सफर बना मातम
जानकारी के मुताबिक, परिवार एक बच्चे का जन्मदिन मनाने के लिए मुरथल जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मृतकों में बच्चे की मां और मौसी शामिल हैं।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मनप्रीत कौर (38), पत्नी कुलदीप सिंह, निवासी पोस्ट ऑफिस शाड्डा, अमृतसर (पंजाब) और मनदीप कौर (24), पत्नी राज वर्मा, निवासी शाहपुरा तिलक नगर, पश्चिमी दिल्ली के रूप में हुई है।



