उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्यलखनऊ

सपा ने मांगा ढोलक बनाने वालों के लिए आर्थिक पैकेज

कहा, एक जिला-एक उत्पाद का ढोल पीटने वाले सीएम को नहीं है ढोलक का ख़याल

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में हालात प्रदेश के मुख्यमंत्री के नियंत्रण से बाहर हो चले हैं। मुख्यमंत्री एक जिला एक उद्योग की ढोल तो खूब पीटते हैं परन्तु जहां ढोलक से ही सैकड़ों लोगों की आजीविका चलती है उधर उनका ध्यान नहीं जाता है। तुकबंदी वाले बयानों का यही तो नतीजा होता है। अमरोहा का ढोलक कारोबार चौपट हो गया है। यहां निर्मित ढोलक देश ही नहीं विदेश में भी प्रसिद्ध है। कारीगरों का काम सुचारू रूप से न चलने से उनके घर का खर्च चलना मुश्किल हो गया है। उनकों आर्थिक पैकेज दिया जाना चाहिए।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी सत्ता गंवाने के अंदेशे से मानसिक संतुलन खो बैठी है। वह जाते -जाते भ्रष्टाचार से अपनी थैलियां भर लेना चाहती है। छल-बल, धन-बल से सत्ता का दुरूपयोग करना उसका आचरण है। उत्तर प्रदेश की जनता का सब्र का बांध टूट गया है, लोकतंत्र की असली ताकत अब बेसब्री से प्रतीक्षा कर रही है। भाजपा राज में अब हालात सुधरने के चूंकि आसार नहीं दिख रहे हैं तो मुख्यमंत्री को प्रदेश की बेहतरी के लिए अपनी कुर्सी छोड़कर प्रस्थान कर जाना चाहिए।      

भाजपा राज में घरेलू उद्योग बन गया है भ्रष्टाचार: अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने कहा कि जहां तक भाजपा राज में भ्रष्टाचार की बात है वह उनका घरेलू उद्योग बन गया है। सचिवालय के अंदर बड़े चेहरे और बड़े अफसर भी नौकरियां और बड़े ठेके दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने का धंधा चला रहे हैं। सबसे बड़ा घोटाला तो शिक्षक भर्ती का है। 69000 शिक्षक भर्ती का मास्टर माइंड भाजपा से जुड़ा बताया जाता है। बेसिक शिक्षा में अनामिका और प्रियंका जैसी कितनी ही फर्जी शिक्षिकाओं की भर्ती है।

खब़र है कि लखनऊ विश्वविद्यालय से सम्बद्ध काॅलेजों में भी कुछ अनामिकाएं हैं। बिना ऊपरी साठगांठ के ऐसा घोटाला सम्भव नहीं। भाजपा मंत्रियों के स्टाफ के लोगों के इस खेल में संलिप्त रहने की पहले भी सूचनाएं थीं। सचिवालय के अन्दर एक फर्जी कार्यालय भी खुल गया और सरकार को खबर नहीं हुई। अखिलेश ने पूछा कि क्या यह भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस का नया उदाहरण है?

Related Articles

Back to top button