उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

एसपी सिंह बघेल का दावा मैनपुरी को यादवलैंड कहे जाने का भ्रम आज टूट जाएगा

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत आज राज्य के 16 जिलों की 59 विधानसभा सीट के लिए मतदान जारी है। तीसरे चरण के चुनाव में 627 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 97 महिला प्रत्याशी हैं। तीसरे चरण में मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट भी शामिल है, जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल और मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आमने-सामने हैं। अखिलेश मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र से पहली बार विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं।

आज इन दोनों प्रत्याशियों की किस्मत भी ईवीएम में कैद हो जाएगी। केंद्रीय मंत्री और करहल सीट से भाजपा उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल ने भगवान से उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए मतदान जारी रखने के लिए प्रार्थना करते हुए अपनी जीत का दावा किया। यह पूछे जाने पर कि क्या मैनपुरी को ‘यादवलैंड’ कहे जाने का मिथक टूटेगा? उन्होंने कहा कि यह ‘मिथक निश्चित रूप से टूटेगा।’ वर्ष 2017 में भाजपा की लहर में भी सपा के सोबरन सिंह यादव ने करहल सीट पर अपनी जीत बरकरार रखी थी। अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव अपनी पारंपरिक जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मतदान रविवार सुबह सात बजे शुरू हो गया, जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। आयोग के अनुसार, तीसरे चरण के चुनाव में कुल 25,794 मतदेय स्थल तथा 15,557 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं और कोविड-19 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग ने हर मतदान स्थल पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1,250 तक रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मतदान प्रक्रिया पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग ने 52 सामान्य प्रेक्षक, 16 पुलिस प्रेक्षक तथा 19 व्यय प्रेक्षक तैनात किए हैं और इसके अलावा 2,235 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 273 जोनल मजिस्ट्रेट, 832 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 3,069 सूक्ष्म पर्यवेक्षण भी तैनात किए गए हैं। तृतीय चरण में कुल 641 आदर्श मतदान केन्द्र तथा 129 महिला मतदेय स्थल बनाए गए हैं। तीसरे चरण वाले क्षेत्रों में कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी ने कानपुर, हमीरपुर और जालौन में घर-घर जाकर प्रचार और रोड शो किया। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने औरैया एवं जालौन में जनसभा को संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button