अन्तर्राष्ट्रीय

श्रीलंका की सेना ने 22 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, चार नौकाएं जब्त

कोलंबो : श्रीलंका की सेना ने 22 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया। मछुआरों की चार नौकाएं भी जब्त कर ली गयी हैं। ये लोग समुद्र में मछली पकड़ रहे थे। श्रीलंका की सेना का आरोप है कि भारतीय मछुआरे श्रीलंका के जल क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे।

अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार करने और श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा भारतीय मछुआरों को पकड़े जाने की समय-समय पर घटनाएं होती रही हैं। एक बार फिर भारतीय मछुआरे श्रीलंकाई सेना के निशाने पर आए हैं। श्रीलंका के अधिकारियों के मुताबिक भारतीय मछुआरे जाफना के डेल्फ्ट द्वीप के उत्तर पश्चिम में श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछलियों को पकड़ रहे थे। ये लोग नौकाओं पर सवार होकर श्रीलंका के जल क्षेत्र में मछलियां पकड़ने गए थे।

बयान के मुताबिक श्रीलंका की नौसेना ने देर रात श्रीलंका के जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने वाले भारतीय नौकाओं को खदेड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। बयान में जानकारी दी गयी है कि तमिलनाडु के रामनाथपुरम, पुडुकोट्टई और नागपट्टिनम जिलों के रहने वाले 22 मछुआरों को देर रात नेदुनथीवु के पास से पकड़ा गया। इन मछुआरों की चार नौकाओं को भी जब्त कर लिया गया। बाद में उन्हें कांकेसनथुरई बंदरगाह ले जाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मैलाडी मत्स्य पालन निरीक्षक को सौंप दिया गया।

Related Articles

Back to top button