उत्तराखंड

उत्तराखंड की बेटी का दमदार जलवा: सीएम धामी ने अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को किया सम्मानित

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और गमला भेंट कर सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभा की उपलब्धियों को प्रदेश की मातृशक्ति के उत्कर्ष और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त और प्रेरक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की सफलता विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों के लिए नई उम्मीद और प्रेरणा लेकर आई है। उनके अनुसार आज प्रदेश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना रही हैं, जो उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धरती मातृप्रधान रही है और यहां की महिलाएं कृषि, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की धुरी रही हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर राज्य की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, खेल और सुशासन जैसे क्षेत्रों में देश और दुनिया का मार्गदर्शन किया है। हमें अपनी मातृशक्ति पर गर्व है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की ऐसी प्रतिभाशाली महिलाओं को, जो विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कर रही हैं, राजकीय सेवा में अवसर देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रतिभा का परचम

43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने पिछले चार वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया।

हाल ही में 9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की। प्रतिभा महिला विश्व चैंपियनशिप और एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली महिला बॉडीबिल्डर के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनकी उपलब्धियां न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय हैं।

प्रदेश सरकार ने दोहराया है कि महिला खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन और सहयोग दिया जाएगा, ताकि उत्तराखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार सफलता का परचम लहराती रहें।

कार्यक्रम के दौरान राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button