पंजाब

अकाली दल की सरकार बनने पर वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 3,100 रुपये प्रति माह किया जाएगा: सुखबीर बादल

जीरा: शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को कहा कि 2027 में राज्य में अकाली दल की सरकार बनने पर पुत्री के विवाह पर दिए जाने वाले ‘शगुन’ को बढ़ाकर एक लाख रुपये करने के साथ-साथ वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 3,100 रुपये और बढ़ी हुई वस्तुओं के साथ ‘आटा-दाल’ योजना को फिर से शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

श्री बादल ने यहां पंजाब बचाओ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली मुख्यालय वाली पार्टियां केवल राज्य को लूटने में रुचि रखती हैं, लेकिन पंजाब के लिए उनका एक अलग दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता गरीब, किसान और मजदूर का कल्याण है।” उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कमजोर वर्गों के लिए शगुन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और आटा दाल योजना सहित कई सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत करके मार्ग प्रशस्त किया था। हम इन योजनाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसके तहत शगुन योजना के लाभ को बढ़ाकर एक लाख रुपये करने के साथ-साथ वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 3,100 रुपये प्रति माह करेंगे और आटा-दाल योजना के तहत आटा और दाल का वितरण क्रमशः चार रुपये और 20 रुपये प्रति किलो की दर से करेंगे। ”

श्री बादल ने कहा, “ कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और भाजपा जैसी पार्टियां सिर्फ सत्ता पाने के लिए ही राजनीति करती हैं, लेकिन शिअद पंजाबियों के अधिकारों और आकांक्षाओं के लिए खड़ी है।” उन्होंने कहा कि उनके आसपास जो भी सुविधाएं और बुनियादी ढांचा दिखाई देता है, वह शिअद की पिछली सरकारों की देन है, चाहे वह मुफ्त ट्यूबवेल कनेक्शन हो या मंडियां, सिंचाई नहरें, थर्मल प्लांट और एक्सप्रेसवे। उन्होंने कहा कि एसएडी ने न केवल नयी सामाजिक कल्याण योजनाएं शुरू कीं, बल्कि सेवा केंद्र और सांझ केंद्र स्थापित करके प्रशासनिक सुधार भी किये।

श्री बादल ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर राज्य संसाधनों की खुलेआम लूट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहां शिअद ने लुधियाना में 35,000 एकड़ से अधिक जमीन के कौड़ियों के भाव अधिग्रहण को रोक दिया था, जिसे सरकार के चहेतों को सौंपा जाना था, वहीं अब मोहाली की प्रमुख संपत्तियों को दिल्ली के बिल्डरों को सौंपने की पहल की जा रही है।

उन्होंने कहा, “ मैं दिल्ली के सभी बिल्डरों को स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि शिअद के सत्ता में आते ही हम इन नीलामियों को रद्द कर देंगे। मैं सरकारी अधिकारियों को भी चेतावनी देता हूं कि वे ऐसा कुछ भी न करें जिससे राज्य के हितों को नुकसान पहुंचे, अन्यथा उन्हें भी जवाबदेह ठहराया जाएगा।” शिअद अध्यक्ष ने पंजाब के सभी वर्गों के लिए भी कई वादे किये। किसानों के बारे में बात करते हुए, श्री बादल ने कहा कि अगली शिअद सरकार के गठन के एक सप्ताह के भीतर उन सभी किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे जिनके पास अभी तक कनेक्शन नहीं है। उन्होंने बाढ़ से निपटने के लिए नदियों पर पक्के बांध बनाने की घोषणा की, अब तक जिन लोगों को भूमि अधिकार से वंचित रखा गया था, उन्हें भूमि अधिकार देने का आश्वासन दिया और भूमि के संयुक्त स्वामित्व का मुफ्त विभाजन सुनिश्चित किया।

श्री बादल ने बताया कि युवाओं के लिए नये रोजगार और अवसर खुलेंगे और सभी नए उद्योगों में 75 प्रतिशत पंजाबी युवाओं को ही नियुक्त करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी नौकरियां केवल पंजाबियों के लिए ही उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि युवाओं को 10 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे वे 10 वर्षों के भीतर वापस कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगली अकाली दल की सरकार सरकारी और निजी इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में मेधावी विद्यालयों के छात्रों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करेगी।

वरिष्ठ शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी के शासन को ‘खूनी राज’ बताया और कहा कि उपायुक्त, एसएसपी और अदालत परिसरों के कार्यालयों के सामने एके-47 राइफलों और अन्य अत्याधुनिक हथियारों से हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के जल अधिकारों को हरियाणा को बेचने की तैयारी कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button