छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर: झुलसा रही सूर्य की किरणें, प्रदेश में भीषण गर्मी, कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट

रायपुर: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी पड़ रही है। सूरज की किरणें झुलसा रहीं है। सूर्य देवता की तपिश से लगातार तापमान बढ़ रहा है और प्रदेश के कई जिले लू की चपेट में हैं। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में पारा 44-45 डिग्री तक पहुंच गया है। प्रदेश के सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के एक दो पैकेट में लू (heat wave) चलने अथवा लू जैसी स्थिति निर्मित होने की संभावना है। आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश के मध्य और उत्तर भाग में उत्तर से गर्म और शुष्क हवा रही है, जबकि दक्षिण भाग में अपेक्षाकृत ठंडी और नमीयुक्त हवा का आगमन जारी है। प्रदेश में 29 अप्रैल को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। प्रदेश के एक दो पैकेट में ग्रीष्म लहर चलने और कुछ स्थानों पर ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है।

गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी को देखते हुए शासन ने नगरीय निकायों व स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी किए हैं। भीषण गर्मी की वजह से सड़कें सूनी हो जा रही है। अप्रैल माह में इस बार गर्मी का नया रिकार्ड बन रहा है। मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप ज्यादा है, जिसके कारण लोग हलाकान हो रहे हैं। मैदानी इलाकों की अपेक्षा वनांचल और पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान थोड़ा कम है। गुरुवार को रायपुर में 43.5 डिग्री, रायगढ़-मुंगेली में 44.6, बिलासपुर में 43.6 डिग्री, दुर्ग में 43.2 डिग्री, राजनांदगांव में 42.9, अंबिकापुर में 41.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 41.6 डिग्री, जगदलपुर में 38 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button