स्पोर्ट्स

विजडन टी20 टीम ऑफ द ईयर 2022 में सूर्यकुमार यादव का जलवा, विराट कोहली और रोहित शर्मा को नो-एंट्री

नई दिल्ली : विजडन मेंस टी20 इंटरनेशनल टीम ऑफ द ईयर में दुनिया के 11 क्रिकेटरों को शामिल किया गया है, जिन्होंने साल 2022 में टी20 फॉर्मेट में दमदार प्रदर्शन किया है। इन 11 खिलाड़ियों की लिस्ट में दो भारतीय क्रिकेटरों को भी जगह मिली है। इन 11 खिलाड़ियों में तीन इंग्लैंड के, तीन पाकिस्तान के, दो इंडिया के और एक-एक जिम्बाब्वे, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटर्स शामिल हैं। भारत की ओर से विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े नामों को इस लिस्ट में एंट्री नहीं मिली है। साल 2022 में दमदार प्रदर्शन करने वाले सूर्यकुमार यादव इसका हिस्सा हैं और उनके अलावा भारत की ओर से भुवनेश्ववर कुमार भी इस खास लिस्ट में शामिल किए गए हैं।

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम भी इस लिस्ट में शामिल नहीं हैं, हालांकि मोहम्मद रिजवान को इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर के साथ पारी का आगाज करने का जिम्मा दिया गया है। तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं और चौथे नंबर पर न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स। दक्षिण अफ्रीका के स्टार ऑलराउंडर डेविड मिलर का नंबर इसके बाद आता है।

ऑलराउंडर के तौर पर जिम्बाब्वे के सिकंदर राजा और पाकिस्तान के शादाब खान को भी चुना गया है। वहीं इंग्लैंड के सैम करन एक और ऑलराउंडर इस टीम का हिस्सा हैं। स्पिनर के तौर पर इंग्लैंड के आदिल राशिद को चुना गया है, जबकि तेज गेंदबाजी के दो ऑप्शन पाकिस्तान के हारिस राउफ और भारत के भुवनेश्वर कुमार हैं।

विजडन 2022 मेंस टी20 इंटरनेशनल टीम ऑफ द ईयरः जोस बटलर, मोहम्मद रिजवान, सूर्यकुमार यादव, ग्लेन फिलिप्स, डेविड मिलर, सिकंदर राजा, शादाब खान, सैम करन, आदिल राशिद, हारिस राउफ, भुवनेश्वर कुमार।

Related Articles

Back to top button