बिहारराज्य

इश्क, शक और खूनी अंजाम: प्रेमिका से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, पति गिरफ्तार

सासाराम (रोहतास)। रोहतास जिले के सासाराम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बराढ़ी गांव में एक दिव्यांग युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय शैलेश कुमार उर्फ शैलेंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव की ही एक शादीशुदा महिला से मिलने गया था। घर के अंदर क्या हुआ, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लेकिन सामने आई जानकारी ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।

फोन की दोस्ती, रात की मुलाकात और बढ़ता शक
परिजनों के मुताबिक शैलेंद्र एक पैर से दिव्यांग था। वह महिला से अक्सर फोन पर बात करता था। घटना की रात वह घर से निकला तो परिवार को शक नहीं हुआ।

पहले कहा गया कि वह शौच के लिए बाहर गया है। बाद में खुलासा हुआ कि महिला के बुलावे पर वह उसके घर पहुंचा था। यहीं से इश्क की कहानी ने खतरनाक मोड़ ले लिया।

पकड़े जाने के बाद बवाल, बेरहमी से पिटाई
आरोप है कि महिला के पति दद्दू मिश्रा ने दोनों को देख लिया। इसके बाद गुस्से में पति और घर के अन्य लोग भड़क उठे। दिव्यांग युवक के साथ जमकर मारपीट की गई।

वह खुद को बचाने की हालत में भी नहीं था। पिटाई के दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई। कुछ ही देर में उसकी सांसें थम गईं।

पुलिस की एंट्री, पति गिरफ्तार, जांच जारी
सूचना मिलते ही मृतक के पिता लाल बदन सिंह ने डायल 112 पर कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी पति दद्दू मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गांव में अब भी एक सवाल गूंज रहा है-क्या यह सिर्फ गुस्से का नतीजा था या साजिश?

Related Articles

Back to top button