स्पोर्ट्स

T20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश में मचा बवाल, खिलाड़ियों ने तोड़ी चुप्पी, कहा- हमारा कोई नहीं

Bangladesh Cricket: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट में घमासान मच गया है। पहले जहां यह माना जा रहा था कि भारत न जाने का फैसला बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा कारणों से लिया था, वहीं अब खेल सलाहकार आसिफ नजरुल के बदले हुए बयान ने पूरे विवाद को और भड़का दिया है। हाल ही में ICC ने बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर का रास्ता दिखा दिया था, क्योंकि टीम ने भारत की यात्रा को लेकर अनिच्छा जताई थी।

शुरुआत में आसिफ नजरुल ने 22 जनवरी को साफ कहा था कि भारत में सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए वर्ल्ड कप न खेलने का फैसला सरकार का है। लेकिन, हाल ही में उन्होंने बयान बदलते हुए कहा कि यह निर्णय बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और खिलाड़ियों ने लिया था। उन्होंने कहा कि यह फैसला बीसीबी और क्रिकेटरों ने किया। देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए उन्होंने त्याग किया, जो मिसाल के तौर पर याद रखा जाएगा।

खिलाड़ी नाराज, खुद को बताया बेबस
नजरुल के इस यू-टर्न से बांग्लादेश के खिलाड़ी नाराज बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कई खिलाड़ी भारत जाकर टूर्नामेंट खेलने के पक्ष में थे, क्योंकि वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने से ICC रेवेन्यू और भविष्य की संभावित सजा का खतरा था। एक खिलाड़ी ने गुमनाम रहते हुए कहा कि यह सुनकर अजीब लगा। वहीं दूसरे खिलाड़ी ने कहा कि आपने उनका बयान सुना। हम क्या कहें? हमारा कोई नहीं है। हम बेबस हैं। इस फैसले में हमारा कोई हाथ नहीं था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खिलाड़ियों की राय को बैठक में गंभीरता से सुना भी नहीं गया था। ऐसे में सारा ठीकरा बोर्ड और खिलाड़ियों पर फोड़ना और भी चौंकाने वाला माना जा रहा है।

सफाई देने पर मजबूर हुए नजरुल
तीखी आलोचना के बाद नजरुल ने सोशल मीडिया पर सफाई दी। उन्होंने लिखा कि शुरुआत से ही उन्होंने सुरक्षा कारणों से यह फैसला सरकार का बताया था और वह उसी पर कायम हैं। उन्होंने माना कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में वे सही ढंग से अपनी बात नहीं समझा पाए। हालांकि, बीसीबी के अंदर भी इस बयान को लेकर नाराजगी है। एक निदेशक ने कहा कि पहले उन्होंने कुछ और कहा, अब कुछ और कह रहे हैं। टीम को न भेजने का ऐलान खुद उन्होंने किया था। यह बीसीबी या खिलाड़ियों का फैसला नहीं था, इसलिए जिम्मेदारी टालने की गुंजाइश नहीं है।

Related Articles

Back to top button