T20 World Cup 2026: सभी 20 टीमों में कप्तानी की कुर्सी किसके पास? जानिए सबसे युवा और उम्रदराज कप्तान

Captains of All 20 Teams in T20 World Cup 2026: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होगा, जिसमें कुल 20 टीमें शिरकत करेंगी। श्रीलंका के स्क्वॉड की घोषणा होने के साथ ही टूर्नामेंट की सभी टीमों का ऐलान हो गया। श्रीलंका ने सबसे आखिर में 2 फरवरी को अपनी टीम की घोषणा की। वहीं, टीम इंडिया T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए स्क्वॉड की घोषणा करने वाली पहली टीम थी। टीम इंडिया ने 20 दिसंबर को ही अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया था। अब जब T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए सभी टीमों की घोषणा हो चुकी है, तो आइए जानते हैं सभी 20 टीमों के कप्तानों के बारें में……
ग्रुप-ए की टीमों के कप्तान
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। 35 साल के सूर्यकुमार यादव पहली बार T20 वर्ल्ड कप में कप्तानी करते नजर आएंगे। इससे पहले T20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा ने संभाली थी। रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने खिताब पर कब्जा जमाया था। अब सूर्या पर खिताब बचाने की भारी जिम्मेदारी होगी।
पाकिस्तान टीम की बात की जाए, तो T20 वर्ल्ड कप 2026 में सलमान अली आगा कप्तान की भूमिका में नजर आएंगे। 32 साल के सलमान के कंधों पर टीम को टूर्नामेंट में आगे ले जाने की जिम्मेदारी होगी। ग्रुप-ए की अन्य टीमों के कप्तानों की बात की जाए, तो 30 साल के गेरहार्ड इरास्मस के हाथों में नामीबिया टीम की कमान होगी। वहीं, 29 साल के स्कॉट एडवर्ड्स नीदरलैंड की टीम को लीड करते नजर आएंगे। 32 के मोनंक पटेल USA की कप्तानी करेंगे। मोनंक का भारत से खास कनेक्शन है। वह गुजरात की ओर से U19 क्रिकेट खेल चुके हैं। उस दौरान जसप्रीत बुमराह भी उनके साथ थे।
ग्रुप-बी की टीमों के कप्तान
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया, ओमान, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और श्रीलंका की टीम शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया इस बार 34 साल के मिचेल मार्श की कप्तानी में T20 वर्ल्ड कप खेलता नजर आएगा। आयरलैंड की कप्तानी का जिम्मा 35 साल के अनुभवी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग संभालेंगे। ओमान के कप्तान 36 साल के जतिंदर सिंह हैं। वहीं, श्रीलंका की कप्तानी के रोल में 36 साल के दशुक शनाका होंगे। वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की कप्तानी 39 साल के सिकंदर रजा करते नजर आएंगे। रजा ICC T20I रैंकिंग में नंबर-1 ऑलराउंडर हैं।
ग्रुप-सी की टीमों के कप्तान
ग्रुप-सी में इंग्लैंड, इटली, नेपाल, स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज की टीम को रखा गया है। इंग्लैंड की बात की जाए, तो वर्ल्ड कप में हैरी ब्रूक के कंधों पर टीम का जिम्मा होगा। वहीं, अपना पहला T20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए तैयार इटली की टीम की कप्तानी 42 साल के वेन मैडसेन करेंगे। वेन मैडसेन इस वर्ल्ड कप में कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान होंगे। इसी ग्रुप में सबसे ज्यादा कप्तान भी हैं। नेपाल की कप्तानी 23 साल के रोहित पौडेल संभालेंगे। स्कटलैंड की कप्तानी 38 साल के रिची बेरिंगटन जबकि वेस्टइंडीज की कप्तानी की भूमिका में 32 साल के शे होप होंगे।
ग्रुप-डी की टीमों के कप्तान
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-डी में अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, UAE की टीम शामिल हैं। अफगानिस्तान की कप्तानी 27 साल के राशिद खान करते नजर आएंगे। वहीं, कनाडा की कप्तानी 23 साल के दिलप्रीत बाजवा करेंगे, जिनका जन्म पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था। मिचेल सैंटनर न्यूजीलैंड के कप्तान होंगे। वहीं, एडन मारक्रम साउथ अफ्रीका की कमान संभालेंगे। UAE की कप्तानी 31 साल के मुहम्मद वसीम संभालेंगे।



