मनोरंजनलखनऊ

‘अस्सी’ के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचीं तापसी पन्नू

दर्शकों से अच्छी सामग्री का समर्थन करने की अपील की

डी.एन. वर्मा

लखनऊ : बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू अपनी आगामी फिल्म ‘अस्सी’ से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। फिल्म की रिलीज से एक हफ्ते पहले विशेष स्क्रीनिंग के साथ फिल्म के प्रचार के सिलसिले में राजधानी लखनऊ पहुंची तापसी ने एक संदेश लिखकर दर्शकों से आग्रह किया है कि वे हिंदी सिनेमा को जमीनी और सार्थक कहानियों की कमी के लिए दोष देना बंद करें और इसके बजाय अच्छी सामग्री का समर्थन करने में अपनी भूमिका पर विचार करें। वास्तविक सिनेमा के प्रति ‘आलस्य’ और ‘चुप्पी’ की आलोचना करते हुए, अभिनेत्री ने जोर दिया कि गुणवत्तापूर्ण फिल्में तभी कायम रह सकती हैं जब दर्शक सक्रिय रूप से सिनेमाघरों में जाकर उन्हें देखें और उनका समर्थन करें।

फिल्म ‘अस्सी’ को हां करने की तापसी पन्नू ने बताई वजह

तापसी ने अपनी आने वाली फिल्म ‘अस्सी’ को लेकर बताया कि वह क्यों इस फिल्म में काम करने के लिए राजी हुईं। अभिनेत्री ने कहा, मेरी पैदाइश दिल्ली की है, मैं वहां की पली-बढ़ी हूं। मैंने एक फिल्म पिंक की थी, जो कोर्ट रूम ड्रामा थी, जिसमें लड़कियो के कंसेंट यानी इजाजत की बात उठाई गई थी। उसमें हमारी आवाज अमिताभ बच्चन बने थे। मुझे ऐसा लग रहा है कि अब अस्सी की कहानी वहां से आगे बढ़ती है। तापसी ने महिलाओं के साथ रेप होने पर भी कुछ गंभीर बातें की। उन्होंने बताया कि जो 80 महिलाओं के साथ रेप का रिपोर्टेड आंकड़ा है, वह सालभर में काफी ज्यादा हो जाता है। अगर कोई सोचकर देखें तो एक साल में यह आंकड़ा काफी ज्यादा हो जाता है। वह इस फिल्म से यही दिखाना चाहती हैं कि जब किसी महिला के साथ ऐसा हादसा होता है, तो आखिर में उस पर क्या बीतती है। उन्होंने रेप करने वालों की सोच पर भी सवाल उठाए, क्योंकि उन रेप अपराधियों में 10-13 साल के भी लड़के शामिल हैं। ऐसे में तापसी का कहना है कि यह सिर्फ कोर्ट की बात नहीं है। अब इस मुद्दे पर बात करनी जरूरी है ताकि इन आकंड़ों को बढ़ने ना दिया जाए और समाज की सोच को बदला जाए।

डायरेक्टर अनुभव सिन्हा संग काम करने का अनुभव साझा किया

तापसी ने डायरेक्टर अनुभव सिन्हा संग लगातार काम करने पर भी बात साझा की। उन्होंने कहा कि लोगों को उनकी जोड़ी से उम्मीद रहती है कि वो अब अगली बार क्या नया लेकर आएंगे, जिसे एक्ट्रेस एक अच्छी चीज मानती हैं। तापसी ने बताया कि वो और अनुभव एक जैसी सोच वाले है, जिससे उनकी ट्यूनिंग काफी अच्छी मैच हो जाती है। इस दौरान तापसी ने फिल्मों के ट्रेंड पर भी बात की। उनके मुताबिक, जो चीजें आज चल रही हैं, उसे वह पहले ही कर चुकी हैं। एक्ट्रेस ने स्पाई और रोमांटिक फिल्में पहले की, जिसका अब ट्रेंड चल रहा है, उनके मुताबिक अब वह वैसी फिल्में नहीं करेंगी, क्योंकि वह बहती गंगा में हाथ नहीं धोना चाहेंगी। उन्हें हर बार कुछ अलग करना है।

Related Articles

Back to top button