स्पोर्ट्स

क्रिकेट से ब्रेक लेकर बोर्ड एग्जाम की तैयारी में जुटे वैभव सूर्यवंशी, 17 फरवरी से देंगे 10वीं की परीक्षा

भारत के उभरते युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब कुछ दिनों के लिए क्रिकेट के मैदान से दूर रहने वाले हैं। बल्ले से दुनिया को प्रभावित करने वाले इस स्टार खिलाड़ी के हाथ में अब पेन और पेपर होगा, क्योंकि वह 17 फरवरी से 10वीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने टीम इंडिया को अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी और फाइनल मुकाबले में मैच विनिंग पारी खेलकर सुर्खियां बटोरी थीं।

CBSE ने जारी किया एडमिट कार्ड, समस्तीपुर में होगा एग्जाम

सीबीएसई बोर्ड ने वैभव सूर्यवंशी का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। वह बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल के छात्र हैं। परीक्षा के लिए उनका सेंटर पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल में निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें बोर्ड परीक्षा देने पहुंचना होगा। क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल और अंतरराष्ट्रीय दौरों के बीच पढ़ाई के लिए समय निकालना इस समय उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है। बोर्ड परीक्षा के चलते वह कुछ दिनों तक क्रिकेट गतिविधियों से दूर रह सकते हैं।

प्रिंसिपल का साफ संदेश, नहीं मिलेगा वीआईपी ट्रीटमेंट

पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल नील किशोर सिन्हा ने ‘इंडिया टुडे’ के हवाले से कहा कि जैसे अन्य परीक्षार्थी हैं, वैसे ही वैभव सूर्यवंशी भी हैं। उन्हें किसी तरह का विशेष या वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया जाएगा और वे अन्य छात्रों के साथ ही परीक्षा देंगे। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्र के हर कक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और उनकी जांच भी कर ली गई है।

U19 वर्ल्ड कप फाइनल में खेली थी 175 रन की तूफानी पारी

कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके वैभव सूर्यवंशी को भविष्य का बड़ा सितारा माना जा रहा है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 80 गेंदों पर 15 छक्कों की मदद से 175 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसने भारत को खिताब दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। क्रिकेट की पिच पर धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले इस युवा खिलाड़ी की अब असली परीक्षा क्लासरूम में होगी।

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के साथ दिखेंगे

10वीं बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद वैभव एक बार फिर क्रिकेट पर पूरा फोकस करेंगे। वह आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटेंगे और इंडियन प्रीमियर लीग में Rajasthan Royals की टीम का हिस्सा हैं। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि मैदान के चैंपियन वैभव परीक्षा की पिच पर कैसा प्रदर्शन करते हैं।

Related Articles

Back to top button