अन्तर्राष्ट्रीय

अफगानिस्तान में लड़कियों को तालिबान ने दे स्कूल में लौटने की इजाजत

काबुल: अफगानिस्तान में मानवाधिकारों के मुद्दे पर दुनियाभर में कड़ी आलोचना झेलने के बाद तालिबान जल्द ही लड़कियों को स्कूल में लौटने की इजाजत देगा। इसके साथ-साथ महिला टीचरों की भी स्कूल में वापसी होगी। तालिबान ने सोमवार को कहा कि लड़कियों को जल्द ही माध्यमिक विद्यालयों में लौटने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, यह अनुमति कब दी जाएगी इसके लिए जल्द ही एक समय निर्धारित किया जाएगा।

न्यूज चैनल अल जजीरा के अनुसार अफगानिस्तान के आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता सईद खोस्ती ने कहा, ‘मेरी समझ और जानकारी के अनुसार बहुत कम समय में सभी विश्वविद्यालय और स्कूल फिर से खुल जाएंगे और सभी लड़कियां और महिलाएं स्कूल और अपने शिक्षण कार्य पर लौट आएंगी।’ बता दें कि पिछले महीने तालिबानी सरकार ने सभी माध्यमिक स्कूलों को फिर से खोलने का निर्देश दिया था।

हालांकि, शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी निर्देश में केवल पुरुष छात्रों को ही स्कूल जाने की अनुमति दी गई थी। इसमें लड़कियों का जिक्र नहीं था, यह भी नहीं बताया गया था कि छात्राएं कब से स्कूल ज्वाइन करेंगी। तालिबान ने अपने पिछले शासन (1996-2001) की नीतियों को नहीं दोहराने का आश्वासन देते हुए, कई वादों के साथ अफगानिस्तान में सितंबर में एक अंतरिम सरकार की घोषणा की।

अफगानिस्तान में तालिबान की नई सरकार के गठन के बाद ऐसी कई रिपोर्ट सामने आई जिसमें महिलाओं को काम पर जाने से रोके जाने की बात कही गई। इसके साथ-साथ कईयों ने रोजगार और शिक्षा के अपने अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया है। जिसके बाद अब तालिबान सरकार ने संकेत दिया है कि माध्यमिक विद्यालयों में लड़कियां और महिला शिक्षकों की बहुत जल्द वापसी होने वाली है।

इस महीने की शुरुआत में, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने कहा था कि तालिबान को महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों का पालन करने के अपने वादों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिग्रहण के बाद से तालिबान ने कई बार महिलाओं, बच्चों, अल्पसंख्यक समुदायों, पूर्व सरकारी कर्मचारियों सहित अफगानी नागरिकों से वादा किया है कि वे उनके अधिकारों की रक्षा करेंगे।

Related Articles

Back to top button