बिहार

बिहार में वेतन संकट और कानून-व्यवस्था पर तेजस्वी का हमला, बोले- मंत्रियों तक को नहीं मिल रहा सैलरी, पुलिस बनी मूकदर्शक

पटना में बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए वित्तीय और प्रशासनिक स्थिति को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में हालात इतने खराब हैं कि कर्मचारियों की बात तो दूर, मंत्रियों और विधायकों तक को वेतन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने खुद के वेतन नहीं मिलने का भी दावा किया।

‘डबल इंजन सरकार पूरी तरह फेल’

पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का खजाना खाली है और वित्तीय कुप्रबंधन चरम पर है। पूर्व सरकारी कर्मियों को पेंशन तक नहीं मिल रही है, जिससे उनकी स्थिति और भी दयनीय हो गई है।

फारबिसगंज घटना को बताया प्रशासनिक अराजकता का उदाहरण

तेजस्वी यादव ने अररिया जिले के फारबिसगंज में हुई दोहरी हत्या की घटना का जिक्र करते हुए इसे राज्य में बिगड़ी कानून-व्यवस्था का बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की भयावह घटना पहले कभी देखने को नहीं मिली थी और यह प्रशासनिक विफलता को उजागर करती है।

‘गृह विभाग के बावजूद अपराध पर नियंत्रण नहीं’

उन्होंने कहा कि राज्य का गृह विभाग भाजपा के पास होने के बावजूद अपराध पर कोई नियंत्रण नहीं है। अपराध की घटनाओं के दौरान पुलिस निष्क्रिय बनी रहती है और समय पर कार्रवाई नहीं करती। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि जब भी वे इन मुद्दों को उठाते हैं, सत्ताधारी दल के नेता व्यक्तिगत हमलों पर उतर आते हैं।

सोशल मीडिया पर साझा की घटना की तस्वीरें

तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फारबिसगंज की घटना से जुड़ी तस्वीरें साझा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि एक व्यक्ति ने बीच बाजार दूसरे शख्स की हत्या कर दी और उसका सिर लेकर घूमता रहा, जबकि बाद में भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला।

‘पुलिस व्यवस्था संभालने के बजाय खुद को बचाती दिखी’

उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी घटना के दौरान पुलिस कानून व्यवस्था संभालने के बजाय अपनी जान बचाती नजर आई। उनके मुताबिक यह स्थिति बताती है कि राज्य में कानून का खौफ खत्म हो चुका है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

‘एनडीए राज में बढ़े अपराध, जनता असुरक्षित’

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में हर दिन लूट, हत्या, बलात्कार और अन्य अपराधों की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के नेता आपसी राजनीतिक खींचतान में व्यस्त हैं, जबकि आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

‘जंगलराज का मुद्दा फिर उठेगा’

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय एक बार फिर जंगलराज का मुद्दा उठाया जाएगा, लेकिन मौजूदा हालात खुद ही सब कुछ बयान कर रहे हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि राज्य में वर्तमान शासन ‘महाचौपट राज’ में बदल चुका है।

Related Articles

Back to top button