मध्य प्रदेशराज्य

हवा में बिगड़ा इंदौर से रायपुर जा रहा विमान, वापस इंदौर में करवाई लैंडिंग

इन्दौर। इंदौर (Indore) से रायपुर (Raipur) जा रहे हवाई यात्रियों (air passengers) के लिए आज का सफर किसी सदमे से कम नहीं था। विमान के इंदौर से रवाना होने के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी खराबी (Technical glitch) आ गई। इस पर विमान को वापस इंदौर लाकर लैंडिंग करवाई गई। विमान में 51 यात्री सवार थे, जो बुरी तरह से डर गए थे। जांच के बाद अधिकारियों ने इसे फॉल्स अलार्म (खराबी का गलत संकेत) बताया। इसके बाद भी सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को निरस्त करते हुए विमान की जांच की जा रही है। फ्लाइट निरस्त होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-7295) सुबह 6.35 बजे इंदौर से रायपुर के लिए रवाना होती है। आज यह फ्लाइट तय समय से 7 मिनट पहले 6.28 बजे ही रवाना हो गई। 72 सीटर क्षमता वाले इस एटीआर विमान में 51 यात्री सवार थे। विमान इंदौर से 100 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर चुका था और बडऩगर के करीब था, तभी पायलट को विमान के कॉकपिट में तकनीकी खराबी के संकेत मिले। इस पर विमान को तुरंत वापस इंदौर लाने के लिए इंदौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया गया। एटीसी द्वारा विमान को वापस लाने की अनुमति देने के साथ ही एयरपोर्ट पर इसकी सूचना दी गई, जिससे सभी विभाग सक्रिय हो गए। विमान करीब 6.55 बजे वापस इंदौर में सुरक्षित लैंड हुआ। इस पर यात्रियों की जान में जान आई। विमान के लैंड होने के बाद एक्सपर्ट इंजीनियर्स की टीम द्वारा विमान की जांच की गई और कुछ ही देर बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और फ्लाइट को निरस्त करने की घोषणा कर दी गई।

अधिकारी बोले- खराबी नहीं, सिर्फ फॉल्स अलार्म था
जांच के बाद अधिकारियों ने बताया कि पायलट को कॉकपिट में जो गड़बड़ी के संकेत मिले थे वो गलत थे और यह सिर्फ फॉल्स अलार्म था। विमान में प्रारंभिक जांच में जिस तरह की गड़बड़ी के संकेत मिले थे ऐसा कुछ नजर नहीं आया। हालांकि इसके बाद भी विमान की विस्तृत जांच की जा रही है, यह पता लगाने के लिए कि यह अलार्म क्यों नजर आया। विमान की जांच और इस फॉल्स अलार्म की गड़बड़ी को दूर करने के बाद ही विमान को रवाना किया जाएगा।

यात्री ने बताया विमान में अचानक झटका लगा, सब घबरा गए
विमान में सवार यात्री यशवंत अग्रवाल ने बताया कि फ्लाइट के रवाना होने के कुछ समय बाद अचानक झटका लगा। इस पर सभी यात्री घबरा गए। कुछ ही समय बाद पायलट ने विमान में तकनीकी खराबी की घोषणा करते हुए विमान को वापस इंदौर ले जाने की बात कही। इंदौर में उतरने तक सभी यात्री बुरी तरह घबराए हुए थे।

Related Articles

Back to top button