
लखनऊ मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश ढेर नहीं, जख्मी हालत में गिरफ्तार, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी विपिन घायल हो गया। जवाबी फायरिंग के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चोरी की कई वारदातों में था वांछित
पुलिस के मुताबिक विपिन कृष्णानगर क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में लंबे समय से वांछित चल रहा था। उसके गिरोह का एक सदस्य पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज, गैंगस्टर एक्ट में भी शामिल
डीसीपी दक्षिण अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरोपी विपिन के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन धाराएं शामिल हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
500 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने किया चिन्हित
क्षेत्र में हुई तीन बड़ी चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी और सर्विलांस की मदद से तीन आरोपियों की पहचान की गई थी। इनमें से एक को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि बाकी की तलाश जारी थी।
सूचना पर घेराबंदी, भागने के दौरान की फायरिंग
गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दूसरा आरोपी विपिन इलाके में मौजूद है। इस इनपुट पर पुलिस टीम ने डूडा कॉलोनी मानसनगर रोड पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध दिखाई देने पर जब उसे रोकने की कोशिश की गई तो वह भागने लगा।
भागने के दौरान वह गिर पड़ा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें विपिन के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर ही उसे दबोच लिया गया।
मौके से सोने की चेन और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने की चेन, एक लॉकेट, अवैध असलहा और कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है और उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।



