उत्तर प्रदेशराज्य

बारात लेकर दुल्हन के घर जाने वाला था दूल्हा, लेकिन अचानक एक फोन कॉल ने बदल दिया सब कुछ

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी से कुछ घंटे पहले ही दूल्हा और उसके परिजन ताजगंज थाने पहुंच गए। दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर जाने वाला था, लेकिन अचानक एक कॉल ने सब कुछ बदल दिया। दूल्हे ने मजबूरी जताते हुए दुल्हन को फोन किया और कहा कि वह अब बरात नहीं ला सकेगा और ताजगंज थाने में है। यह सुनकर दुल्हन के होश उड़ गए।

दूसरी जगह शादी करने जा रहा था दूल्हा
मिली जानकारी के मुताबिक, दुल्हन के परिजन तुरंत ताजगंज थाने पहुंचे और वहां उन्हें एक युवती मिली, जो खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताती थी और उसकी गोद में एक बच्चा भी था। युवती ने बताया कि उसने दूल्हे के साथ मंदिर में शादी की थी और वह दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। अब दूल्हा दूसरी जगह शादी करने जा रहा था। यह सुनकर दुल्हन के परिजनों को पूरी घटना का पता चला, और उन्होंने शादी तोड़ दी।

दुल्हन के परिजन एसीपी ऑफिस पहुंचे और दूल्हे के खिलाफ तहरीर दी
बताया जा रहा है कि मामला और भी गंभीर हो गया जब दुल्हन के परिजन एसीपी ऑफिस पहुंचे और दूल्हे के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के लिए 25 लाख रुपए से अधिक खर्च किए गए थे। एसीपी हरीपर्वत आदित्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

जानिए, क्या है पूरा मामला?
यह घटना न्यू आगरा की एक युवती के साथ घटी, जिनकी शादी ताजगंज निवासी युवक अंबर शर्मा से नवंबर में तय हुई थी। अंबर शर्मा एक ऑटोमोबाइल कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। 10 फरवरी को सगाई हुई थी और 12 फरवरी को शादी होनी थी। दुल्हन के परिजन रिजॉर्ट में शादी की तैयारी में थे, जब दोपहर सवा 3 बजे दूल्हे ने फोन कर शादी ना करने की जानकारी दी। दुल्हन के पिता थाने पहुंचे, जहां प्रेमिका से मिलने के बाद पूरी सच्चाई सामने आई। दुल्हन के परिजन यह भी बताते हैं कि उनका रिश्ता समाज के व्हॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से हुआ था और उस समय तक दूल्हे के शादीशुदा होने की कोई जानकारी नहीं थी। इस मामले में पुलिस कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button