जीवनशैलीस्वास्थ्य

दस्तक देने लगी गर्मी, पनपने लगी मच्छरों की समस्या से निजात पाने के लिए करे ये उपाय

नई दिल्ली : सर्दियों का मौसम अब अपने अन्तिम दौर में हैं। इसके साथ ही गर्मी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। दिन का तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। हालांकि अभी देर रात को ठंडक का अहसास हो रहा है। लेकिन यह कुछ ही दिनों रहेगा। गर्मियों की शुरूआत होते ही कई प्रकार की समस्याएँ सामने आने लगती हैं। इन समस्याओं में सबसे बड़ी समस्या मच्छरों के पनपने की होती है। सूरज ढलते ही घर में मच्छरों का आतंक शुरू हो जाता है।

मच्छर घर में घुसकर मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों को फैलाने से बाज नहीं आते हैं। जिनसे बचने के लिए आप बाजार में उपलब्ध केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते होंगे। इन कैमिकल पदार्थों को यूज करने से मच्छरों का कुछ हो या न हो पर आपके शरीर को नुकसान जरूर पहुंच सकता है। ऐसे में आप कुछ प्राकृतिक उपायों की मदद ले सकते हैं जो घर से मच्छर भगाने के साथ ही आपको किसी भी प्रकार का नुकसान पहुंचाने से भी बचाते हैं।

मच्छरों से निजात पाने के लिए आप लहसुन का नेचुरल स्प्रे बना सकते हैं। इसके लिए 5-6 लहसुन को पीस कर 1 कप पानी में उबाल लें। अब इस पानी को स्प्रे बोतल में भरकर घर के सभी कोनों में छिड़काव कर दें। इससे मच्छर घर में नहीं आएंगे।

मच्छरों का हमेशा के लिए घर से सफाया करने के लिए एक बाल्टी में थोड़ा सा साबुन या डिटर्जेंट घोल कर रख दें। जब मच्छर इस पानी की तरफ जाते हैं, तो बुलबुलों में फंस कर मर जाते हैं। ऐसे आप मच्छरों की समस्या से निजात पा सकते हैं।

मच्छरों से निजात पाने के लिए आप एल्कोहल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। मच्छर एल्कोहल की गंध को बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं। ऐसे में आप एक स्प्रे की बोतल में एल्कोहल को भरकर उसका स्प्रे कर दें तो मच्छर भाग जाएंगे।

वैसे तो तुलसी में औषधीय गुणों का भंडार है। तुलसी का पौधा लगाने से मच्छर उस जगह के आसपास नहीं आते हैं। मच्छरों से आप परेशान हैं तो तुलसी का रस निकालकर अपने शरीर पर लगाएं। इससे भी मच्छरों के काटने से राहत मिलेगी। कपूर जलाएं

वैसे तो कपूर पूजा के लिए इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन ये मच्छरों के काटने से भी बचा सकता है। अगर आपके घर में भी शाम होते ही मच्छर आतंक मचाने लगते हैं तो इसके लिए आप कपूर का इस्तेमाल कर सकते हैं। अपने कमरे में कपूर जला कर रख दीजिए। साथ ही कमरे के खिड़की और दरवाजे भी बंद कर दें। कुछ देर बाद दरवाजे खोल दें। इससे मच्छर भाग जाएंगे।

अगर आपको दिन में भी मच्छर काटते हैं तो आप नीलगिरी के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस नुस्खे को अपनाने के लिए नीलगिरी के तेल में बराबर मात्रा में नींबू मिला लें। अब इस तेल को शरीर पर लगा लें। इसकी तीखी गंध से मच्छर आपके आस-पास भी नहीं भटकेंगे।

Related Articles

Back to top button