उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराज्यलखनऊ

यूपी में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 480 हुई

लखनऊ  (जितेन्द्र सिंह ):  उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के पाजिटिव मामलों की संख्या रविवार को 480 हो गयी। प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया कि अब तक पाजिटिव मरीजों की संख्या 480 हो गयी है जो 41 जिलों से हैं। उन्होंने बताया कि सैम्पलिंग की व्यवस्था में काफी प्रगति हुई है। कल 1640 नमूनों की जांच की गयी। शुरू में डेढ सौ से दो सौ नमूनों की ही जांच हो पा रही थी, जिसे बढाकर आठ सौ किया गया। अब यह आंकड़ा 1600 को पार कर गया है। जल्द ही 2000 नमूनों की जांच होने लगेगी।

प्रसाद ने बताया कि कल से चिकित्सा विभाग की वेबसाइट पर स्वैच्छिक पंजीकरण शुरू कर रहे हैं। जिन डाक्टरों के पास समय है और वे टेली सलाह देना चाहते हैं, उनका पंजीकरण करेंगे। काल सेंटर 18001805145 पर घर से काल कर सलाह ली जा सकती है। इसके लिए काउंसलर लगाये हैं। उनकी बात लोगों से कराते हैं। हम सरकारी और रिटायर्ड डाक्टर का पूल बनाकर उनकी सेवाएं लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चिन्ता है कि जो भी आकस्मिक सेवा के लिए आता हो, उसे सभी सेवाएं उपलब्ध हों। आगरा में डाक्टर संक्रमित हो गये। उसके कारण पूरी टीम को क्वारेंटाइन में जाना पड़ा। इसके लिए तय किया गया है कि कोरोना केसेज जिन जिलों से आये हैं, वहां कल से चार से छह बजे के बीच डाक्टर एवं मेडिकल स्टाफ प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। प्रमुख सचिव ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड में मरीजों की संख्या 576 है जबकि क्वारेंटाइन फेसिलिटी में यह संख्या 8084 है।

Related Articles

Back to top button